ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने की न्यू साउथ वेल्स विस अध्यक्ष ग्रेग पाइपर से विधायी विषयों पर चर्चा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़/ऑस्ट्रेलिया, 30 जनवरी – हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण अपने सात दिवसीय ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हैं। इस दौरान शुक्रवार को उन्होंने न्यू साउथ वेल्स की विधान सभा के अध्यक्ष ग्रेग पाइपर से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर दोनों विधायी संस्थाओं की परंपराओं, संसदीय कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक सशक्त बनाने से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान विधानसभा संचालन, विधायी प्रक्रियाओं में तकनीक के उपयोग, सदन की कार्यवाही को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने, विधायकों के प्रशिक्षण, समितियों की भूमिका तथा संसदीय मर्यादाओं के पालन जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। दोनों अध्यक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि मजबूत विधान सभाएं लोकतंत्र की रीढ़ होती हैं और इनके माध्यम से जनआकांक्षाओं को प्रभावी रूप से अभिव्यक्त किया जा सकता है।

हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि दोनों विधान सभा लोकतांत्रिक मूल्यों में गहरी आस्था रखती हैं। एक-दूसरे के संसदीय अनुभवों से सीख लेकर विधायी संस्थाओं को और अधिक सक्षम, आधुनिक और जनोन्मुखी बनाया जा सकता है। उन्होंने हरियाणा विधान सभा में अपनाई जा रही विभिन्न नवाचारों और सुधारात्मक प्रयासों की जानकारी भी साझा की।

न्यू साउथ वेल्स विधान सभा अध्यक्ष ग्रेग पाइपर ने हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण का स्वागत करते हुए कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और उसकी संसदीय परंपराएं अत्यंत समृद्ध हैं। हरियाणा भारत में विशिष्ट स्थान रखता है। दोनों विधान सभाओं के बीच संवाद और सहयोग से लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर हरियाणा विधान सभा उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण मिड्ढा, असंध से विधायक योगेन्द्र राणा भी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें