सीईओ सुमित कुमार ने समाधान शिविरों में आई शिकायतों को लेकर की समीक्षा बैठक
गुरुग्राम, 30 जनवरी। सीईओ जिला परिषद सुमित कुमार ने कहा कि हरियाणा सरकार समाधान शिविर के माध्यम से आमजन की शिकायतों का त्वरित निदान सुनिश्चित कर रही है, ऐसे में सभी विभागों के अधिकारी समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों का जल्द समाधान करते हुए अपडेट रिपोर्ट समाधान प्रकोष्ठ पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। सभी विभागाध्यक्ष किसी भी शिकायत को लंबित न रखें और रिओपन हुई शिकायतों पर भी विशेष ध्यान देते हुए निवारण करवाएं।
सीईओ सुमित कुमार ने लघु सचिवालय स्थित सभागार में शुक्रवार को समाधान प्रकोष्ठ की शिकायतों की विभागवार समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लें और इनका समयबद्ध निपटान करें। हर रोज अपना पोर्टल जरूर चेक करें और निर्धारित समय पर एक्शन टेकन रिपोर्ट अपलोड करें। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पोर्टल पर आने वाली जन शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विभागाध्यक्ष गंभीरता से कार्य करें।
सीईओ ने निर्देश देते हुए कहा कि समाधान शिविर की शिकायतों पर अधिकारी समय पर कार्रवाई कर रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करते समय सभी तथ्यों की जांच करें। उन्होंने कहा कि जो शिकायतें किसी दूसरे विभाग से संबंधित हों, उसके बारे में संबंधित विभाग को अवगत करवाएं और आपसी तालमेल से शिकायतों का समाधान करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर की मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी स्वयं करते हैं, इसलिए इन शिविरों में आई शिकायतों का सही तरीके से प्राथमिकता के आधार पर निवारण करवाया जाए।
इस अवसर पर एचएसवीपी से एस्टेट ऑफिसर राकेश सैनी, नगर निगम गुरुग्राम से संयुक्त आयुक्त विशाल, एसीपी सुशीला, नगर निगम मानेसर से संयुक्त आयुक्त लोकेश, सीटीएम सपना यादव, डीडीपीओ नवनीत कौर सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।







