डीएलएसए गुरुग्राम ने साइबर अपराध रोकथाम को लेकर जागरूकता सत्र किया आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम पुलिस के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर जोखिम, ऑनलाइन ठगी व डिजिटल सुरक्षा की दी जानकारी

सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, मजबूत पासवर्ड व दो-स्तरीय सुरक्षा अपनाने पर दिया गया जोर

गुरुग्राम, 28 जनवरी-जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) गुरुग्राम ने सुषांत विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लाॅ के सहयोग से “साइबर अपराध: जोखिम, रोकथाम एवं सुरक्षा” विषय पर एक जागरूकता सत्र का आयोजन किया। यह कार्यक्रम स्कूल ऑफ लाॅ परिसर में प्रातः 10 बजे से 11 बजे तक सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस अवसर पर गुरुग्राम पुलिस से सब इंस्पेक्टर कमल गर्ल तथा सब इंस्पेक्टर सुनील ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने साइबर अपराध के लगातार बढ़ते मामलों, ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, डिजिटल सुरक्षा उपायों तथा किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

वक्ताओं ने विद्यार्थियों को मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, दो-स्तरीय सुरक्षा प्रणाली अपनाने तथा संदिग्ध लिंक, कॉल और संदेशों से सतर्क रहने जैसे व्यावहारिक सुझाव भी दिए।

कार्यक्रम का समन्वय डॉ. दीपक मिगलानी एवं डॉ. अनुष्का चौधरी द्वारा किया गया। उन्होंने डीएलएसए गुरुग्राम एवं पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को डिजिटल जगत में सुरक्षित रहने के लिए सक्षम बनाते हैं तथा कानून के प्रति उनकी समझ को और अधिक सशक्त करते हैं।

सत्र के अंत में प्रश्नोत्तर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने साइबर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, हेल्पलाइन सेवाओं तथा संबंधित कानूनी प्रावधानों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं समयानुकूल बताया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!