ताऊ देवीलाल व नेहरू स्टेडियम में तीन दिवसीय सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का भव्य आयोजन

गुरुग्राम, 21 जनवरी – हरियाणा आयुष विभाग एवं हरियाणा योग आयोग के संयुक्त तत्वाधान में प्रदेशभर में संचालित सूर्य नमस्कार अभियान–2026 के अंतर्गत निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 जनवरी से 21 जनवरी 2026 तक खेल विभाग के सहयोग से सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी एवं जिला योग कॉर्डिनेटर डॉ. विकास यादव के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन ताऊ देवीलाल स्टेडियम एवं नेहरू स्टेडियम में किया गया, जिसमें खेल विभाग के प्रशिक्षक, खिलाड़ी, कोच तथा खेल जगत से जुड़े अन्य प्रतिभागियों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया। संपूर्ण कार्यक्रम अनुशासन, ऊर्जा और सकारात्मक वातावरण से परिपूर्ण रहा।
योगाचार्य अजीत सोलंकी ने कराया वैज्ञानिक विधि से अभ्यास

कार्यक्रम के दौरान योगाचार्य श्री अजीत सोलंकी द्वारा प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार के सभी चरणों का शुद्ध एवं वैज्ञानिक पद्धति से अभ्यास कराया गया। साथ ही उन्होंने सूर्य नमस्कार के शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
योगाचार्य सोलंकी ने बताया कि नियमित सूर्य नमस्कार से शरीर में स्फूर्ति, सहनशक्ति, लचीलापन और एकाग्रता बढ़ती है, जिससे खिलाड़ियों के स्वास्थ्य एवं खेल प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार होता है।
खिलाड़ियों में योग के प्रति बढ़ी जागरूकता
आयुष विभाग एवं हरियाणा योग आयोग की यह संयुक्त पहल खिलाड़ियों एवं खेल कर्मियों को स्वस्थ, ऊर्जावान और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य खेल जगत से जुड़े व्यक्तियों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सूर्य नमस्कार को दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने पूरे मनोयोग, अनुशासन एवं उत्साह के साथ सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया और योग के प्रति गहरी रुचि प्रदर्शित की।
स्वस्थ व सशक्त समाज निर्माण का संकल्प
उपस्थित अधिकारियों एवं आयोजकों ने प्रतिभागियों को नियमित योग अभ्यास अपनाने, सूर्य नमस्कार अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने तथा स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की सफलता पर आयुष विभाग, हरियाणा योग आयोग एवं खेल विभाग के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग की सराहना की गई तथा भविष्य में भी ऐसे योग एवं स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन का संकल्प व्यक्त किया गया।







