गुरुग्राम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सेक्टर-10 में अवैध झुग्गियों पर चला बुलडोजर, नशे के अड्डे ध्वस्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सरकारी जमीन पर बनी 100 से अधिक झुग्गियां हटाईं, अवैध मादक पदार्थों की बिक्री का होता था संचालन

गुरुग्राम | 15 जनवरी 2026 – गुरुग्राम पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-10 क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनी झुग्गियों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। इन झुग्गियों में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, भंडारण और आपूर्ति किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-10 स्थित अल्पाइन स्कूल के पीछे सरकारी जमीन पर करीब 100 से अधिक झुग्गियां अवैध रूप से कब्जा कर बनाई गई थीं, जहां से नशीले पदार्थों का कारोबार संचालित किया जा रहा था। इससे क्षेत्र में अपराध और असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा था।

गुरुग्राम पुलिस द्वारा ऐसे अपराधियों और उनके ठिकानों की पहचान कर विस्तृत खाका तैयार किया गया था, जो अवैध गतिविधियों के माध्यम से संपत्ति अर्जित कर रहे हैं। इसी क्रम में डीटीपी अधिकारी आर.एस. भाट, एएनसी सेल के इंचार्ज निरीक्षक परवीन मालिक तथा अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से यह संयुक्त कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए संपन्न कराया गया।

पुलिस ने बताया कि इन्हीं झुग्गियों से पूर्व में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री के मामले में एक आरोपी महेंद्र उर्फ माही, निवासी पहाड़पुर जिला बलिया (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-10 गुरुग्राम में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों, भूमाफियाओं और अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें