टी.बी. उन्मूलन में वानप्रस्थ की मिसाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

42 माह से निरंतर पौष्टिक आहार वितरण, 50 रोगियों को मिली 42वीं किट

हिसार। क्षय रोग (टी.बी.) उन्मूलन के राष्ट्रीय संकल्प को जमीनी स्तर पर मजबूती देते हुए वानप्रस्थ सीनियर सिटीजन क्लब, हिसार द्वारा प्रधानमंत्री निक्षय मित्र योजना के अंतर्गत झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र में रहने वाले टी.बी. रोगियों के लिए अनुकरणीय सेवा कार्य लगातार जारी है।
इसी कड़ी में आज शिव कॉलोनी धर्मशाला में 50 टी.बी. रोगियों को प्रोटीन युक्त पौष्टिक आहार किट की 42वीं किस्त वितरित की गई।

क्लब की उपसचिव श्रीमती सुनीता बहल ने बताया कि यह सेवा अभियान अगस्त 2022 से बिना किसी व्यवधान के संचालित किया जा रहा है। प्रत्येक माह रोगियों को दी जाने वाली आहार किट में दो डिब्बे प्रोटीन पाउडर, एक किलो गुड़, एक किलो काला चना, एक किलो बेसन, दो पैकेट न्यूट्रेला तथा स्वच्छता हेतु दो साबुन शामिल किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि वानप्रस्थ संस्था पिछले 42 महीनों से वंचित वर्ग और टी.बी. रोगियों की निःस्वार्थ सेवा कर समाज के प्रति संवेदनशीलता और समर्पण की मिसाल पेश कर रही है।

टी.बी. अस्पताल से आए वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक श्री ओ.पी. वर्मा ने रोगियों और उनके परिजनों को संबोधित करते हुए कहा कि टी.बी. एक संक्रामक रोग है, इसलिए नियमित जांच और दवा का पूरा कोर्स अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पौष्टिक आहार रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है, जिससे रोगी शीघ्र स्वस्थ होते हैं।

इस अवसर पर क्लब पदाधिकारियों डॉ. एस.एस. गहलावत, डॉ. एस.एम. बहल, श्रीमती सुनीता बहल, डॉ. सुनीता सुनेजा, श्रीमती श्यामा गोसाईं एवं श्रीमती रमा मुंजाल ने रोगियों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उन्हें नियमित दवा व संतुलित आहार लेने के लिए प्रेरित किया।

नए पंजीकृत रोगियों में शिव राज (30), सचिन (23) एवं कु. करीना (22) शामिल रहे।
टी.बी. से पूर्णतः स्वस्थ हो चुके टी.बी. चैंपियन नवदीप गिल एवं सुदर्शन ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सही समय पर दवा और पौष्टिक आहार से वे पूरी तरह स्वस्थ हो गए हैं। उन्होंने रोगियों को भी उपचार में लापरवाही न बरतने की सलाह दी।

कार्यक्रम में आशा वर्कर्स — अंजू, सुनीता, अनिता, शर्मिला, कैलाश, मीना और बंटी ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!