एमसीजी एवं वन स्टेज एनजीओ की संयुक्त पहल, खेलों के माध्यम से नागरिकों को प्लास्टिक से बचाव, स्वच्छता एवं जिम्मेदार कचरा प्रबंधन के प्रति किया जागरूक

गुरुग्राम, 30 सितम्बर। स्वच्छ एवं प्लास्टिक-मुक्त गुरुग्राम के साथ-साथ बेहतर कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम एवं वन स्टेज एनजीओ द्वारा एक अनूठी जन-जागरूकता पहल आयोजित की गई। इस पहल के तहत खेलों को माध्यम बनाकर नागरिकों को स्वच्छता, प्लास्टिक के उपयोग से बचाव तथा जिम्मेदार कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।
एमसीजी कार्यालय परिसर में आयोजित इस जागरूकता पहल में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। खेलों और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचने, कचरे को जिम्मेदारी से अलग-अलग करने एवं उचित तरीके से निस्तारित करने के लिए प्रेरित किया गया। खेलों के माध्यम से दिए गए संदेश ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को सहज और रोचक तरीके से नागरिकों तक पहुंचाने का कार्य किया।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि स्वच्छ और प्लास्टिक-मुक्त गुरुग्राम के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। जागरूकता को रोचक और सहभागी गतिविधियों से जोडऩे से स्वच्छता का संदेश अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचता है। हमारा प्रयास है कि नागरिकों को प्लास्टिक का उपयोग कम करने, कचरे का जिम्मेदारीपूर्वक प्रबंधन करने और स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाने के लिए लगातार प्रेरित किया जाए। सामूहिक सहभागिता से ही हम स्वच्छ, सुंदर और बेहतर गुरुग्राम की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
निगम कार्यालय में आने वाले नागरिकों ने कहा कि इस पहल के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार कचरा प्रबंधन को लेकर सकारात्मक संदेश दिया गया है। एमसीजी एवं वन स्टेज एनजीओ की यह पहल नागरिकों को स्वच्छता अभियान से जोडऩे तथा व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक सहभागी प्रयास है।








