डीएचबीवीएन में डिफॉल्टिंग राशि और पोल माउंटेड मीटर से जुड़े मामलों की उच्चस्तरीय समीक्षा

गुरुग्राम, 30 सितंबर 2026। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) में बकाया वसूली को लेकर प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को हर स्तर पर जवाबदेही तय करने और लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने स्पष्ट किया कि बकाया वसूली से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने की प्रवृत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक लंबित मामले की व्यक्तिगत निगरानी करते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

इसी कड़ी में आज डीएचबीवीएन के डायरेक्टर प्रोजेक्ट्स वीके अग्रवाल एवं डायरेक्टर ऑपरेशन मुकेश चौहान की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित कमर्शियल एवं ऑपरेशन विंग के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यकारी अभियंता तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।
बैठक में मुख्य रूप से सरकारी एवं निजी क्षेत्र के डिफॉल्टिंग अमाउंट, बकाया राशि लंबित रहने के कारणों तथा उसकी वसूली के लिए समयबद्ध कार्ययोजना की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक लंबित मामले का कारण स्पष्ट किया जाए और वसूली के लिए ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। लंबे समय से लंबित मामलों पर विशेष निगरानी रखते हुए जिम्मेदारी निर्धारित करने तथा कार्रवाई की प्रगति की नियमित समीक्षा करने पर जोर दिया गया।
एमडी विक्रम सिंह के निर्देशों के अनुरूप अधिकारियों से कहा गया कि वसूली की कार्रवाई केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसका ठोस परिणाम भी दिखाई देना चाहिए। संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में लंबित मामलों की लगातार निगरानी करें और निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई पूरी करें।
बैठक में हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) के पोल माउंटेड मीटर से संबंधित निर्देशों की अनुपालना की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों से वर्तमान स्थिति, लंबित कार्यों तथा अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई। अधिकारियों को एचईआरसी के निर्देशों का निर्धारित समयसीमा में अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि बकाया वसूली और एचईआरसी के निर्देशों की अनुपालना से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी की कोई गुंजाइश नहीं है। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के लंबित मामलों की व्यक्तिगत स्तर पर निगरानी करने तथा कार्रवाई की प्रगति समयबद्ध तरीके से उच्च अधिकारियों को उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए।
डीएचबीवीएन के प्रवक्ता संजय चुघ ने बताया कि एमडी विक्रम सिंह के निर्देशानुसार निगम में राजस्व वसूली, जवाबदेही और समयबद्ध कार्रवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है और प्रत्येक मामले में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।







