रेवाड़ी में युवा कांग्रेस की रणनीतिक बैठक, संगठन मजबूती और ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ को तेज करने का ऐलान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

निशित कटारिया बोले—युवाओं के हक के लिए सड़क से संसद तक होगा संघर्ष

रेवाड़ी। हरियाणा युवा कांग्रेस की ओर से सोमवार को रेवाड़ी में युवा कार्यकर्ताओं की एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ अभियान को पूरी ताकत से आगे बढ़ाने को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि युवा कांग्रेस हर जिले और गांव में सक्रिय होकर युवाओं, मजदूरों और ग्रामीण जनता की आवाज बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनविरोधी नीतियों से हो रहे नुकसान को जनता के बीच उजागर करें और युवाओं को आंदोलन से जोड़ें।

निशित कटारिया ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के चलते प्रदेश में रोजगार के अवसर लगातार घट रहे हैं, जिससे युवाओं का भविष्य और भरोसा दोनों खतरे में हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवा कांग्रेस युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी और मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान को पूरी मजबूती के साथ सफल बनाया जाएगा।

बैठक में जिला अध्यक्ष सुभाष चाबड़ी ने आरोप लगाया कि मौजूदा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण प्रदेश का युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का घोर अभाव है।

उन्होंने एचपीएससी के माध्यम से होने वाली भर्तियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि युवाओं के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है, जिससे उनका भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है। सुभाष चाबड़ी ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर सरकार की नाकामियों को जनता तक पहुंचाने और युवाओं के हित में संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रियंका चंदलिया (प्रभारी), राज प्रकाश (जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस), संदीप गुर्जर (हलका अध्यक्ष), दिनेश पोसवाल (OBC चेयरमैन) सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें