-चंडीगढ़ में बोले कटारिया-भर्तियों में आरक्षण खत्म करने और सीटें खाली छोड़ने का लगाया आरोप
चंडीगढ़। चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस कमेटी कार्यालय में हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर रोजगार के मुद्दे को लेकर तीखा हमला बोला। कटारिया ने कहा कि राज्य सरकार के रोजगार देने के दावे पूरी तरह फर्जी साबित हो रहे हैं और प्रदेश की लगभग सभी बड़ी भर्तियां या तो कोर्ट में फंसी हुई हैं या फिर जानबूझकर अधूरी छोड़ी जा रही हैं।
चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान निशित कटारिया ने आरोप लगाया कि हरियाणा आज बेरोजगारी में शीर्ष पर है, लेकिन जो भी सरकारी नौकरियां निकलती हैं उनमें प्रदेश के युवाओं को प्राथमिकता नहीं मिल रही। उन्होंने कहा कि नौकरी बाहर वालों को और ठोकर अपनों को” देने की नीति अपनाई जा रही है। कटारिया ने तंज कसते हुए कहा कि जिस तरह हरियाणा के मुख्यमंत्री का रिमोट कंट्रोल दिल्ली से चलता है, उसी तरह हरियाणा की नौकरियों का कंट्रोल बिहार में बैठे अधिकारियों के हाथ में दे दिया गया है।
उन्होंने Assistant Professor (English) भर्ती का उदाहरण देते हुए बताया कि 613 पदों में से केवल 151 उम्मीदवारों का चयन किया गया और शेष सीटें खाली छोड़ दी गईं। आरक्षित वर्गों की स्थिति और भी चिंताजनक है। DSC की 60 सीटों में से केवल 1, OSC की 60 में से 2, BC(A) की 85 में से 5, BC(B) की 36 में से 3 तथा EWS की 60 में से सिर्फ 6 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। कटारिया ने आरोप लगाया कि यह दलितों और पिछड़े वर्गों के आरक्षण के अधिकारों को खत्म करने की साजिश है।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने अन्य भर्तियों का हवाला देते हुए कहा कि Haryana Power Utilities में Assistant Engineer भर्ती के दौरान सामान्य वर्ग के 214 उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया, जिनमें से 185 हरियाणा के बाहर के थे। Civil Judge भर्ती में चयनित 110 उम्मीदवारों में से 60 बाहरी रहे। इसी तरह Irrigation Department में AE (Civil) भर्ती में 49 में से 28 और Technical Education Department में लेक्चरर भर्ती में 153 में से 106 उम्मीदवार हरियाणा के बाहर से थे। वर्ष 2019 की SDO (Electrical) भर्ती को भी विरोध के बाद रद्द करना पड़ा था।
कटारिया ने 35 प्रतिशत न्यूनतम अंकों के मापदंड को सुनियोजित साजिश बताते हुए कहा कि इसी के जरिए Group A और B की भर्तियों में बड़ी संख्या में पद खाली छोड़े जा रहे हैं। PGT लेक्चरर के 2577 पदों में से 978 और Ayurvedic Medical Officer के 805 पदों में से 275 सीटें खाली रहना इसका प्रमाण है।
हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को केवल जुमले और आंकड़े दिखाकर गुमराह कर रही है। रोजगार के नाम पर घोषणाएं की जाती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर न भर्तियां पूरी होती हैं और न ही युवाओं को उनका हक मिलता है।आरक्षण के साथ खिलवाड़ कर दलित, पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को लगातार हाशिये पर धकेला जा रहा है।कटारिया ने कहा कि युवा कांग्रेस इस अन्याय को चुपचाप सहन नहीं करेगी और प्रदेश के हर जिले में युवाओं की आवाज बुलंद कर सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर करेगी।
उन्होंने सरकार से सवाल किया कि CET क्वालिफाइड लगभग 8.12 लाख युवाओं को हर महीने 9 हजार रुपये देने का वादा कब पूरा होगा। साथ ही HSSC और HPSC द्वारा Exam Calendar जारी न करने और भर्तियों को कोर्ट में उलझाकर पंचवर्षीय योजना बनाने का आरोप लगाया। अंत में उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने प्रदेश के युवाओं के हक में ठोस कदम नहीं उठाए, तो युवा कांग्रेस आंदोलन के लिए मजबूर होगी।
इस मौके पर प्रदेश मीडिया चेयरमैन प्रदीप यादव, ज़िलाध्यक्ष हरमनप्रीत सिंह हैरी , उधम सिंह शुभम नाहर जगदीप शर्मा विधानसभा अध्यक्ष निखिल शर्मा ब्लॉक अध्यक्ष रूपिंदर सिंह ,परमिंदर सिंह (डिप्टी),राहुल शर्मा ,टोनी , शुभम् सिंह , गुरदीप सिंह आदि मौजूद रहे।







