गुरुग्राम | 12 जनवरी से 12 फरवरी 2026 आयुष विभाग, हरियाणा एवं हरियाणा योग आयोग के निर्देशानुसार स्वामी विवेकानन्द जयंती (12 जनवरी 2026) से महर्षि दयानन्द सरस्वती जयंती (12 फरवरी 2026) तक जिला गुरुग्राम में एक माह का “सूर्यनमस्कार अभियान” आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य आमजन को योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना तथा सूर्यनमस्कार को दैनिक जीवनचर्या का अभिन्न अंग बनाना है।
जिला योग कोऑर्डिनेटर डॉ. विकास यादव ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले के सभी विभागों, आयुष चिकित्सालयों, शिक्षा एवं खेल विभाग, पुलिस, सेना, स्वास्थ्य विभाग, योग व प्राकृतिक चिकित्सा केंद्रों, शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, अर्धसैनिक बलों, ग्राम पंचायतों, स्वयंसेवी व सामाजिक संगठनों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। अभियान के दौरान विभिन्न स्थलों पर प्रातःकालीन योग सत्रों के माध्यम से सामूहिक रूप से सूर्यनमस्कार का अभ्यास कराया जाएगा।
जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा संयुक्त रूप से संचालित यह अभियान “स्वस्थ शरीर – स्वस्थ समाज” की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। नियमित सूर्यनमस्कार से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, तनाव में कमी आती है तथा मानसिक संतुलन, एकाग्रता और ऊर्जा स्तर में सुधार होता है।
इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी ने कहा कि सूर्यनमस्कार अभियान केवल एक योग कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक जन-जागरूकता आंदोलन है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक आयु वर्ग के लोगों को योग से जोड़ना है। युवाओं, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और वरिष्ठ नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्यक्रम एवं गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी।
आयुष विभाग ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस सूर्यनमस्कार अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी इससे जोड़कर योग को जन-जन तक पहुँचाने में सहयोग करें।







