‘हरियाणा विज़न 2047’ के तहत प्री-बजट मंथन कार्यक्रम का दूसरा दिन
गुरुग्राम, 6 जनवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी 7 जनवरी को गुरुग्राम दौरे पर रहेंगे। वे ‘हरियाणा विज़न 2047’ के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय प्री-बजट मंथन कार्यक्रम के दूसरे दिन सेक्टर-44 स्थित अपैरल हाउस में विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ व्यापक संवाद करेंगे।
मुख्यमंत्री बुधवार को अपैरल हाउस में आयोजित दो अलग-अलग सत्रों में वर्ष 2026-27 के बजट के लिए परिणामी रोडमैप पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम के प्रातः सत्र में उद्योग एवं विनिर्माण क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श होगा, जबकि इसके बाद आयोजित सत्र में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, अधिवक्ता, आर्किटेक्ट्स, पर्यावरण एवं श्रम जगत सहित विभिन्न पेशेवर वर्गों के प्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त किए जाएंगे।
इस दौरान प्रदेश के दीर्घकालिक विकास, आर्थिक सुदृढ़ता और जनकल्याण से जुड़ी प्राथमिकताओं पर गहन मंथन किया जाएगा। प्री-बजट मंथन कार्यक्रम ‘हरियाणा विज़न 2047’ को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिसके माध्यम से समावेशी, सतत और भविष्य-उन्मुख विकास के लिए ठोस नीति सुझावों को आकार दिया जाएगा।







