आरटीसी भौंडसी में राष्ट्रीय टैंट पेगिंग घुड़सवारी प्रतियोगिता का भव्य आगाज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 06 जनवरी। रिक्रूट प्रशिक्षण केन्द्र आरटीसी भौंडसी में आज राष्ट्रीय टैंट पेगिंग घुड़सवारी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पुलिस परिसर भौंडसी एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो हरियाणा चारुबाली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

श्रीमती चारुबाली ने प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि टैंट पेगिंग साहस, कौशल और संतुलन का उत्कृष्ट खेल है, जिसमें घुड़सवार तीव्र गति से घोड़े को नियंत्रित करते हुए लक्ष्य पर सटीक प्रहार करता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को शारीरिक क्षमता के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता का भी समुचित समन्वय करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करना होगा।

मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी से खेल भावना के साथ, पूर्ण सावधानी बरतते हुए अपने-अपने संस्थानों की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया।

इससे पूर्व ब्रिगेडियर संदीप सिंह कश्यप ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए बताया कि प्रतियोगिता में एकल वर्ग, युगल वर्ग तथा टीम वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि देशभर से राज्य पुलिस, सेना एवं अर्धसैनिक बलों की कुल 17 टीमें इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में लॉन्स, तलवार, रिंग एंड पेग तथा लेमन एंड पेग जैसी स्पर्धाएं एकल, युगल एवं टीम वर्गों में कराई जाएंगी।

इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक, विशेष कार्य बल हरियाणा, बी. सतीश बालन, पुलिस महानिरीक्षक, आरटीसी भौंडसी, नाजनीन भसीन, पुलिस महानिरीक्षक, केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल, एस.के. शर्मा, आदेशक, द्वितीय वाहिनी आईआरबी, धर्मबीर सिंह, उप पुलिस अधीक्षक, सुभाष चंद्र, अमरजीत सिंह, जयप्रकाश, अमित कुमार, अशोक कुमार तथा सुरेश कुमार सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें