गुरुग्राम, 06 जनवरी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित नशीली दवाओं के बारे में जागरूकता और वेलनेस नेविगेशन – नशामुक्त भारत के लिए योजना, 2025 के अंतर्गत तथा राष्ट्रीय युवा दिवस अभियान के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), गुरुग्राम द्वारा 05 जनवरी 2026 से 12 जनवरी 2026 तक जिले के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
इन जागरूकता शिविरों का आयोजन डीएलएसए गुरुग्राम के पैनल अधिवक्ताओं द्वारा किया जाएगा, जिनका उद्देश्य युवाओं, किशोरों एवं छात्रों को नशा मुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली, कानूनी अधिकारों एवं सही निर्णय लेने के प्रति जागरूक करना है।
शिविरों में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों, मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य, सामाजिक जिम्मेदारियों तथा विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-सह-सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राकेश कादयान ने बताया कि युवाओं को जागरूक करना समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि डीएलएसए गुरुग्राम भविष्य में भी इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।







