बार-बार नोटिस के बावजूद टैक्स जमा नहीं करने वालों पर कार्रवाई, लाखों-करोड़ों रुपये के बकाये वाली संपत्तियां सील

गुरुग्राम, 5 जनवरी। नगर निगम गुरुग्राम क्षेत्र में प्रॉपर्टी टैक्स बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सीलिंग अभियान लगातार जारी है। ऐसे प्रॉपर्टी मालिक, जिन्होंने बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं कराया, उनके विरुद्ध निगम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। निगम की टैक्सेशन टीमें प्रतिदिन विभिन्न क्षेत्रों में जाकर डिफॉल्टर प्रॉपर्टीज को चिन्हित कर सील कर रही हैं।
सोमवार को नगर निगम की टीमों ने सुशांत लोक-2, सेक्टर-53 तथा गांव धनवापुर में कार्रवाई करते हुए डिफॉल्टर प्रॉपर्टीज को सील किया। इन संपत्तियों पर लंबे समय से प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। निगम रिकॉर्ड के अनुसार सुशांत लोक-2 स्थित प्रॉपर्टी पर 2 करोड़ 11 लाख 4 हजार 821 रुपये, सेक्टर-53 की प्रॉपर्टी पर 24 लाख 58 हजार 586 रुपये तथा गांव धनवापुर की प्रॉपर्टी पर 9 लाख 79 हजार 934 रुपये की राशि बकाया पाई गई।
निगम अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई पूरी की और संबंधित प्रॉपर्टी मालिकों को बकाया टैक्स शीघ्र जमा कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि टैक्स जमा होने के बाद ही सील हटाने की प्रक्रिया पर विचार किया जाएगा।
नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि प्रॉपर्टी टैक्स नगर निगम की प्रमुख आय का स्रोत है, जिससे शहर में स्वच्छता, सडक़, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं का संचालन किया जाता है। उन्होंने कहा कि टैक्स भुगतान में लापरवाही बरतने वाले प्रॉपर्टी मालिकों के खिलाफ निगम आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई करता रहेगा। आयुक्त ने सभी प्रॉपर्टी मालिकों से अपील की कि वे समय पर अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा करें, ताकि अनावश्यक कानूनी कार्रवाई और सीलिंग से बचा जा सके तथा शहर के विकास कार्यों को सुचारू रूप से आगे बढ़ाया जा सके।









