“भाजपा राज में महिलाएं असुरक्षित, अपराधियों के हौसले बुलंद” – राव नरेंद्र सिंह
चंडीगढ़, 31 दिसंबर 2025 – हरियाणा के फरीदाबाद में महिला के साथ हुई अमानवीय गैंगरेप की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य अपराध को लेकर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा शासित राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस घटना को भाजपा शासन में कानून-व्यवस्था के पूर्ण पतन का जीता-जागता प्रमाण बताया।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लिफ्ट देने के बहाने महिला को कार में बैठाकर उसके साथ घंटों तक सामूहिक दुष्कर्म करना, मारपीट करना और फिर सड़क पर फेंक देना—यह घटना भाजपा सरकार की नाकामी और पुलिस-प्रशासन की लापरवाही को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि महिलाएं खुद को घर से बाहर भी सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं।
फरीदाबाद–गुरुग्राम रोड पर हुई इस दिल दहला देने वाली वारदात में 25 से 28 वर्ष की एक विवाहित महिला को लिफ्ट के बहाने ईको वैन में बैठाया गया। आरोपियों ने चलती वैन में करीब दो से तीन घंटे तक उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया, बुरी तरह मारपीट की और बाद में चलती गाड़ी से सड़क पर फेंक दिया। पीड़िता को सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें टांके लगाए गए हैं। फिलहाल वह एक निजी अस्पताल में भर्ती है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह घटना हरियाणा में महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। उन्होंने सवाल उठाया,
“जब महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो सरकार आखिर किस विकास और सुशासन का दावा कर रही है? पुलिस-प्रशासन की नाकामी और सरकार की असंवेदनशीलता ने अपराधियों को खुली छूट दे रखी है।”
राव नरेंद्र सिंह ने सरकार से तत्काल ठोस कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि—
- दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की जाए।
- पीड़िता को समुचित मुआवजा और पूर्ण सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
- पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हरियाणा की बेटियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। भाजपा सरकार को इस जघन्य अपराध की नैतिक जिम्मेदारी लेनी होगी और जनता को जवाब देना होगा।









