नेशनल गेम्स 2025 में हरियाणा बैडमिंटन टीम का शानदार प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा की गोल्डन गर्ल उन्नति हुड्डा, अनमोल खरब और देविका सिहाग का शानदार प्रदर्शन

हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन के समारोह में खिलाड़ियों को एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह ने सम्मानित किया

कुल 31.22 लाख रुपये की सम्मान राशि खिलाड़ियों और टीमों को प्रदान की गई

गुरुग्राम, 30 दिसंबर- हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन के खिलाड़ियों ने नेशनल गेम्स 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम देशभर में रोशन किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह एवं मुख्य कोच रवि सिंगला के मार्गदर्शन में हरियाणा की महिला बैडमिंटन टीम ने टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि प्रदेश सचिव सचिव अजय सिंघानिया भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि उनकी कठिन मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन भविष्य में खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग और संसाधन उपलब्ध कराता रहेगा।

डीसी अजय कुमार ने भी खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन और जीत के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि प्रशासन हमेशा खेल प्रतिभाओं के साथ खड़ा रहेगा और उनके विकास, प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधनों के लिए हर संभव मदद उपलब्ध कराएगा।

नेशनल गेम्स में महिला टीम की सफलता के साथ-साथ पुरुष टीम और व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। अनमोल खरब ने महिला एकल वर्ग में स्वर्ण पदक जीता और टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुरुष वर्ग में भरत राघव ने रजत पदक हासिल किया। अंडर-11 वर्ग में उभरते खिलाड़ी श्लोक राय चौधरी ने भी रजत पदक हासिल किया।

इस अवसर पर आयोजित फेलिसिटेशन एवं कैश अवॉर्ड समारोह में कुल 31.22 लाख रुपये सम्मान राशि वितरित की गई। यह राशि खिलाड़ियों और टीमों के हालिया प्रदर्शन के अनुसार प्रदान की गई। राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हरियाणा महिला बैडमिंटन टीम को स्वर्ण पदक जीतने पर 10,00,000 रुपये सम्मान राशि प्रदान की गई, जबकि हरियाणा पुरुष बैडमिंटन टीम को 5,00,000 रुपये दिए गए। व्यक्तिगत उपलब्धियों में “गोल्डन गर्ल ऑफ हरियाणा” उन्नति हुड्डा को 2,40,000 रुपये अनमोल खरब को 5,00,000 तथा देविका सिहाग को 2,40,000 रुपये पुरस्कार राशि दी गई। राष्ट्रीय उपलब्धि (पुरुष वर्ग) के लिए भरत राघव को 1,00,000 रुपये से सम्मानित किया गया। अंडर-15 राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जयवर्धन हुड्डा को 21,000 रुपये प्रदान किए गए, वहीं अंडर-11 उभरते खिलाड़ी के रूप में श्लोक राय चौधरी को 21,000 रुपये की राशि दी गई। हरियाणा महिला टीम को 5,00,000 रुपये सम्मान राशि देकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया

हरियाणा महिला बैडमिंटन टीम की सदस्य उन्नति हुड्डा, अनमोल खरब, देविका सिहाग, मेधावी नागर, जिया रावत, अपूर्वा, साक्षी गहलावत, ईशु मलिक, तन्नु मलिक और रिधि कौर ने अपने उत्कृष्ट खेल, अनुशासन और टीम भावना के दम पर हरियाणा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। इन खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य की खेल प्रतिभा, मेहनत और प्रतिबद्धता को प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया।

वहीं हरियाणा पुरुष बैडमिंटन टीम के सदस्य गगन, मनराज सिंह, गौतम अरोड़ा, मानव चौधरी, भरत राघव, आर्यन, मयंक राणा, आर्यन हुड्डा और पंकज, दिशांत अहलावत ने भी सशक्त खेल का परिचय देते हुए हर मुकाबले में जुझारूपन और आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन किया। टीम के सामूहिक प्रयास, तकनीकी कौशल और जीत के जज्बे ने हरियाणा को बैडमिंटन के क्षेत्र में एक मजबूत पहचान दिलाई।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हरियाणा के खिलाड़ी लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्नति हुड्डा वर्तमान में बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग में महिला एकल में विश्व 23वें स्थान पर हैं। उन्होंने 2025 में कई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में पदक जीते हैं। अनमोल खरब और देविका सिहाग ने भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई स्वर्ण पदक और कांस्य पदक जीतकर हरियाणा की खेल प्रतिभा को नई पहचान दिलाई है।

साउथ इंडिया में एक अत्याधुनिक बैडमिंटन अकादमी संचालित की जा रही है, जिसे केंद्र सरकार की ओर से सहायता प्राप्त है। उसी मॉडल पर आधारित ऐसी ही एक अकादमी को नॉर्थ इंडिया में स्थापित करने की दिशा में हम प्रयासरत हैं। इस अकादमी में एक खिलाड़ी पर प्रतिमाह लगभग 60,000 रुपये व्यय किया जाता है, जो वर्षभर में करीब 7,20,000 रुपये पहुँचता है।

इसी उद्देश्य के साथ आज से हरियाणा में इस पहल की शुरुआत की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत स्पॉन्सर्स द्वारा खिलाड़ियों को गोद लेकर उन्हें प्रशिक्षण, आवास, पोषण एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाएगा। प्रत्येक स्पॉन्सर द्वारा एक खिलाड़ी को सालाना लगभग 7 लाख रुपये सहायता राशि दी जाएगी।

इसी कड़ी में हरप्रीत सिंह और गौरव अग्रवाल ने दो खिलाड़ियों को स्पॉन्सर किया है। इनके सहयोग से संबंधित खिलाड़ियों को प्रतिमाह 60,000 रुपये की सहायता दी जाएगी, जिससे एक खिलाड़ी पर वर्षभर में लगभग 7 लाख 20 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। संज़ीव कुमार, जो पहले एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन थे और वर्तमान में डिफेंस सेक्रेटरी (प्रोडक्शन) हैं, ने खिलाड़ियों के लिए प्रोत्साहन और समर्थन की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। गुरुग्राम की कैम्बलिया सोसाइटी के जसकरण चड्ढा ने खिलाड़ियों के लिए स्पॉन्सरशिप दिलवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सोसाइटी की तरफ से प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को हर संभव समर्थन दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि डीएलएफ द्वारा वर्ष 2011 में नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप का प्रायोजन किया गया था। उनका सहयोग आज तक भी जारी है। इस अवसर पर डीएलएफ की ओर से एवीपी शिखा सिरोही एवं डायरेक्टर आकाश को सम्मानित किया गया।

इसके अलावा कई निजी स्पॉन्सर्स द्वारा खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे प्रतिभाशाली खिलाड़ी बिना किसी बाधा के अपने खेल पर ध्यान केंद्रित कर सकें। इस आयोजन में सहयोग देने वाले प्रमुख स्पॉन्सर्स में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, सिंगेंटा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, एक्शन कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट, सैनी हेवी इंडस्ट्रीज लिमिटेड, तारा चंद इन्फ्रालॉजिस्टिक सॉल्यूशंस लिमिटेड, एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन लिमिटेड तथा एमजी कॉन्ट्रैक्टर शामिल हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें