रोज भ्रष्टाचार के नए रिकॉर्ड स्थापित कर रही है बीजेपी सरकार- हुड्डा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़, 30 दिसंबर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि बीजेपी सरकार भ्रष्टाचार के मामले में रोज़ नया रिकॉर्ड स्थापित कर रही है। ताजा रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि 2021 से 2023 के बीच भ्रष्टाचार के मामलों में 186 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह खुलासा एनसीआरबी की रिपोर्ट के आधार पर हुआ, जिससे पता चला है कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और आईपीसी की संबंधित धाराओं में दर्ज मुकदमों का जिक्र है।

यह स्थिति तब है, जब सरकार बड़े-बड़े भ्रष्टाचार के मामलों को दबा देती है और उनकी जांच तक नहीं होने देती। इसके बावजूद, आए दिन कोई ना कोई नया घोटाला सामने आता रहता है, जिसे लाख कोशिशों के बावजूद सरकार छिपा नहीं पाती। हाल ही में धान खरीद घोटाला सभी के सामने है, जो हर फसली सीजन में होता है।

इस घोटाले में इस हद तक खुलासे हुए हैं कि असंध मंडी में 112 गाड़ियों के 570 फेरे दिखा दिए गए, लेकिन असल धान की ढुलाई हुई ही नहीं। धान सिर्फ कागजों में ही खरीदी और ढोई गई। इस तरह 39.24 करोड़ रुपये का घोटाला किया गया।

घरौंडा मंडी में धान की खरीद को लेकर ऐसा खुलासा हुआ है कि पढ़ने के बाद सभी की आंखें खुली की खुली रह गईं। यहां बिना धान की आवक के ही फर्जी गेट पास के जरिए 11,628 क्विंटल धान की खरीद दिखा दी गई। इतना ही नहीं, धान की धुलाई के लिए बाइक और ऑटो तक का इस्तेमाल दिखाया गया और इस तरह 2.56 करोड़ रुपये का घोटाला किया गया।

यह पूरा धान घोटाला सैकड़ों करोड़ रुपये का है, लेकिन सरकार सिर्फ छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई करके इसे दबा रही है। जबकि बड़े मगरमच्छों को बचाया जा रहा है, जो असली दोषी हैं।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बीजेपी ने घोटाले पर घोटाले करके हरियाणा की अर्थव्यवस्था को खोखला बना दिया है। आज आम जनता के साथ अर्थशास्त्रियों और बुद्धिजीवियों का सरकार से विश्वास उठ चुका है। क्योंकि हरियाणा की आर्थिक स्थिति बेहद चिंताजनक हो चुकी है। 1966 से 2014 तक राज्य पर करीब 60 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था, जो अब 5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुका है। यह प्रदेश की आर्थिक बदहाली को दर्शाता है। नीति आयोग के फिस्कल हेल्थ इंडेक्स में हरियाणा 18 राज्यों में 14वें स्थान पर पिछड़ चुका है। 31% से अधिक Debt-to-GSDP अनुपात बताता है कि प्रदेश कर्ज के गहरे जाल में फंस चुका है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें