अटल बिहारी वाजपेयी के दिखाए अंत्योदय के मार्ग पर चल रहे हैं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी : सुमन सैनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिना खर्ची-पर्ची के सरकारी नौकरियां देना अटल बिहारी के सुशासन के सपने का ही विस्तार।

उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने रामकुंडी लाडवा में आयोजित अटल स्मृति दिवस कार्यक्रम में की शिरकत।

लाडवा, (प्रमोद कौशिक) 30 दिसम्बर : हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा सरकार आज भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के दिखाए अंत्योदय के मार्ग पर चल रही है। अंत्योदय यानी समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का उदय करना है। आज हरियाणा में जो पारदर्शी शासन है, बिना खर्ची- पर्ची के सरकारी नौकरियां मिल रही हैं और गांव -गांव तक जो विकास की गंगा बह रही है, जो अटल बिहारी के सुशासन के सपने का ही विस्तार है। लाडवा क्षेत्र के विकास के लिए भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी मंगलवार को रामकुंडी लाडवा में आयोजित अटल स्मृति दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रही थी। उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इससे पहले उपाध्यक्षा सुमन सैनी का चेयरपर्सन साक्षी खुराना, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र दबखेड़ा ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।

हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि आज लाडवा की इस पुण्य धरा पर आज हम यहां भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करने आए हैं। लाडवा की इस वीर भूमि से इतनी बड़ी संख्या में एकत्रित होकर भारत के उस महान सपूत के प्रति श्रद्धा प्रकट की है। उन्होंने कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने देश को जोडऩे का काम किया। चाहे वह स्वर्ण चतुर्भुज योजना के हो या नदियों को जोडऩे की बात हो। चाहे 1998 का पोखरण परमाणु परीक्षण हो या कारगिल युद्ध में दुश्मनों को धूल चटाना हो। अटल बिहारी ने सिद्ध किया कि भारत एक शांतिप्रिय देश तो है, लेकिन अपनी सीमाओं की रक्षा करना भी अच्छी तरह जानता है।

उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ऐसी महान विभूति थे जिन्होंने न केवल भारतीय राजनीति को नई दिशा दी, बल्कि प्रत्येक भारतीय के हृदय में राष्ट्रप्रेम की अलख जगाई। वे केवल एक नेता नहीं थे, वे एक विचार थे। वे एक कवि-हृदय राजनेता थे, जिनकी वाणी में मां सरस्वती का वास था। उन्होंने सिखाया कि राजनीति केवल सत्ता पाने का साधन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब हम अटल बिहारी को याद करते हैं तो हमें वह कविता याद आती है जिसमें उन्होंने कहा था कि हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा, काल के कपाल पर लिखता मिटाता हूँ, गीत नया गाता हूँ। ये पंक्तियाँ उनके जीवन का सार थीं।

गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए सर्व शिक्षा अभियान की करी शुरुआत।

उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने शिक्षा के क्षेत्र में सर्व शिक्षा अभियान की शुरुआत की, ताकि गरीब से गरीब बच्चा भी स्कूल जा सके। आज उनके इन्हीं प्रयासों का फल है कि भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी नारी शक्ति के बहुत बड़े हिमायती थे। उनका मानना था कि जब एक महिला सशक्त होती है, तो पूरा परिवार और समाज सशक्त होता है। हरियाणा में हमारी सरकार महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और स्वावलंबन के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संकल्प हरियाणा की धरती से ही पूरे देश में गूंजा है।

अटल बिहारी ने सुशासन का अर्थ -सेवा, समर्पण और शुचिता बताया

उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि अटल बिहारी कहा करते थे कि भारत जमीन का टुकड़ा नहीं, एक जीता-जागता राष्ट्रपुरुष है। आज के इस डिजिटल युग में, जब हम तकनीक के साथ आगे बढ़ रहे हैं, हमें अटल जी के सिद्धांतों को नहीं भूलना चाहिए। सुशासन का अर्थ -सेवा, समर्पण और शुचिता है। उन्होंने नागरिकों को आह्वान करते हुए कहा कि अटल बिहारी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके बताए रास्तों पर चलें। हम एक ऐसा हरियाणा और ऐसा भारत बनाएं जो भ्रष्टाचार मुक्त हो, शिक्षित हो और स्वाभिमानी हो।

इस मौके पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, जिला अध्यक्ष तिजेंदर सिंह गोल्डी, चेयरपर्सन साक्षी खुराना, चेयरमैन डॉ. गणेश दत्त, चेयरमैन जसविंदर जस्सी, चेयरमैन सतीश मथाना, प्रदेश सचिव राहुल राणा, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र दबखेड़ा, सरपंच एसोसिएशन प्रदेश प्रधान जितेंद्र खैरा, पूर्व जिला अध्यक्ष राज कुमार सैनी, नायब सिंह पटाक माजरा, पूनम सैनी, नरेंद्र सिंघल, सन्नी कालड़ा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें