सांसद खेल महोत्सव को मिलेगा निरंतर विस्तार, भविष्य में इंटर-लोकसभा खेल प्रतियोगिताओं के लिए करेंगे प्रयास : राव इंद्रजीत सिंह
राव ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी पहल से सांसद खेल महोत्सव बना देश में खेल संस्कृति का सशक्त मंच
नशा-मुक्त जीवन और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें खिलाड़ी, समाज के बनें प्रेरणास्रोत : राव इंद्रजीत सिंह

गुरुग्राम, 29 दिसंबर। केन्द्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने आज गुरुग्राम में ‘सांसद खेल महोत्सव 2025’ के समापन समारोह को संबोधित किया। कार्यक्रम में हॉकी इंडिया के अध्यक्ष, भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान, पद्म श्री एवं राज्यसभा सांसद दिलीप तिर्की, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
सांसद खेल महोत्सव को मिलेगा निरंतर विस्तार, भविष्य में इंटर-लोकसभा खेल प्रतियोगिताओं के लिए करेंगे प्रयास : राव इंद्रजीत सिंह

केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि लोगों ने जिस उत्साह और रुचि के साथ इस खेल महोत्सव को अपनाया है, उससे यह विश्वास और मजबूत हुआ है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के अनुरूप सांसद खेल महोत्सव आने वाले वर्षों में और भी व्यापक स्वरूप लेगा। राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि आगामी चार से पाँच वर्षों तक, जब तक वे सांसद के रूप में दायित्व संभालेंगे, लोकसभा गुरुग्राम में यह आयोजन प्रत्येक वर्ष नियमित रूप से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि भविष्य में सभी दस लोकसभा क्षेत्रों के बीच इंटर-लोकसभा खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन आयोजनों के माध्यम से एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, आर्चरी, फुटबॉल और हॉकी जैसी विभिन्न खेल विधाओं में से प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आएंगे, जो भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
राव ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी पहल से सांसद खेल महोत्सव बना देश में खेल संस्कृति का सशक्त मंच

राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि लगभग पाँच वर्ष पहले प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने खेलों को जनआंदोलन बनाने की दिशा में सांसद खेल महोत्सव की परिकल्पना प्रस्तुत की थी। उन्होंने कहा कि जब यह विचार सामने आया था, तब इसकी दूरगामी शक्ति और प्रभाव का अनुमान शायद बहुत कम लोगों को था, लेकिन आज यह देशभर में खेल संस्कृति को मजबूत करने का माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने न केवल छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर दिया है, बल्कि खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित किया है।
नशा-मुक्त जीवन और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें खिलाड़ी, समाज के बनें प्रेरणास्रोत : राव इंद्रजीत सिंह
केंद्रीय मंत्री ने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में नशे से पूरी तरह दूर रहने का दृढ़ संकल्प लें। उन्होंने कहा कि खेल स्वयं में एक ऐसी सकारात्मक शक्ति है, जो व्यक्ति को स्वाभाविक रूप से नशा-मुक्त जीवन की ओर प्रेरित करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि वे अपने व्यवहार और आचरण से समाज के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करें। इसके साथ ही राव ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी कम से कम पाँच पौधे अपने घर, विद्यालय, खेल परिसर अथवा अपने गाँव-शहर में लगाए और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए। जिससे पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।
आयोजन में सहयोग देने वाली संस्थाओं को केंद्रीय मंत्री ने किया सम्मानित
सांसद खेल महोत्सव 2025 के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाली संस्थाओं को केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एम3एम फाउंडेशन, मारुति सुजुकी, एलडीसी, जमना ऑटो इंडस्ट्रीज लिमिटेड तथा यूनो मिंडा सहित अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को उनके योगदान के लिए सम्मान प्रदान कर आभार व्यक्त किया गया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सामाजिक सहभागिता और कॉरपोरेट सहयोग से ऐसे आयोजनों को मजबूती मिलती है और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
समापन समारोह में एडीसी सोनू भट्ट, कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव, भाजपा की रेवाड़ी जिलाध्यक्ष वंदना पोपली, पूर्व मेयर विमल यादव, नूंह से जिला परिषद के चेयरमैन जान मोहम्मद सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
विजेता खिलाड़ियों और टीमों को 16 लाख से अधिक नगद पुरस्कार देकर किया गया सम्मानित
सांसद खेल महोत्सव 2025 के अंतर्गत विजेता खिलाड़ियों और टीमों को 16 लाख से अधिक नगद राशि के पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जिसमें व्यक्तिगत खेल स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः ₹5100, ₹3100 एवं ₹2100 की नगद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया, जबकि टीम खेल स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल करने वाली विजेता टीमों को क्रमशः ₹31,000, ₹21,000 एवं ₹11,000 की नगद पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। केंद्रीय मंत्री ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








