मिशन प्रदूषण मुक्त गुरुग्राम के तहत राजीव कॉलोनी में चला स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जागरूकता अभियान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नगर निगम गुरुग्राम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में नागरिकों को कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक मुक्त जीवन और वायु प्रदूषण रोकने में सहयोग का दिया गया संदेश

गुरुग्राम, 29 दिसंबर। स्वच्छ, स्वस्थ और प्रदूषण मुक्त शहर के संकल्प को सशक्त बनाने के उद्देश्य से मिशन प्रदूषण मुक्त गुरुग्राम के तहत नगर निगम गुरुग्राम द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप राजीव कॉलोनी में एक विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को कचरा प्रबंधन, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के महत्व से सरल और प्रभावी तरीके से अवगत कराना था।

कार्यक्रम में नगर निगम गुरुग्राम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी एवं बुलंद आवाज़ वेलफेयर सोसाइटी की उपाध्यक्षा प्रिंका यादव ने पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने पर जोर देते हुए कहा कि जब तक समाज स्वयं जिम्मेदारी नहीं लेगा, तब तक प्रदूषण मुक्त शहर का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता।

कुलदीप हिन्दुस्तानी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता की शुरुआत हमारे घर से होती है। उन्होंने नागरिकों से गीले और सूखे कचरे को घर पर ही अलग-अलग करने, कचरा केवल नगर निगम की अधिकृत एजेंसी को देने और किसी भी स्थिति में कूड़े में आग न लगाने की अपील की। उन्होंने बताया कि कचरे में आग लगाने से निकलने वाली जहरीली गैसें बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक होती हैं और वायु प्रदूषण को तेजी से बढ़ाती हैं।

वहीं प्रिंका यादव ने लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने, इधर-उधर कूड़ा फेंकने से बचने और सिंगल यूज प्लास्टिक का पूरी तरह से त्याग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि नालियों के जाम होने, जलभराव और गंदगी जैसी गंभीर समस्याओं का कारण भी बनता है।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली तथा यह संकल्प लिया कि वे अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखेंगे, कचरे का सही तरीके से निपटान करेंगे और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि जब समाज और प्रशासन मिलकर प्रयास करते हैं, तभी स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त गुरुग्राम का सपना साकार हो सकता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में नगर निगम गुरुग्राम के सह सफाई निरीक्षक दिनेश कुमार, रोहित, स्थानीय नागरिकों एवं दुकानदारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें