गुरुग्राम की जीनल ने कलेट में राष्ट्रीय स्तर पर हासिल की 46वीं रैंक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जीनल को मेयर और सामाजिक संस्थाओं ने किया सम्मानित

गुरुग्राम, 25 दिसंबर। श्री शीतला माता मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुमित कुमार की बेटी जीनल ने कलेट में इंडिया लेवल पर 46वीं रैंक हासिल की है। इस उपलब्धि के सम्मान में गुरुग्राम की मेयर राजरानी तिलक राज मल्होत्रा सहित एक दर्जन सामाजिक संस्थाओं और निगम पार्षदों ने जीनल को सम्मानित किया। समारोह में उपस्थित गणमान्य नागरिकों और समाजसेवी संस्थाओं ने जीनल की सफलता पर उन्हें फूल मालाओं और शुभकामनाओं से सम्मानित किया।

सम्मान समारोह में जीनल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता रजनी देवी एवं सुमित कुमार, दादा-दादी और गुरुजन को दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत और लगन से ही बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। जीनल ने विशेष रूप से अपने सहपाठियों को आह्वान किया कि वे पढ़ाई में कभी कमी न करें और खेल-कूद के साथ संतुलन बनाए रखें, क्योंकि खेल और पढ़ाई दोनों ही जीवन में सफलता के लिए आवश्यक हैं।

जीनल की माता रजनी देवी ने कहा कि उन्होंने अपनी बेटी को हमेशा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सही मार्गदर्शन दिया ताकि वह न केवल व्यक्तिगत रूप से सफल हो, बल्कि भविष्य में देश की सेवा एक न्यायाधीश के रूप में कर सके। पिता सुमित कुमार ने भी जोर देते हुए कहा कि सभी बेटियों को पढ़ाई में आगे बढ़ना चाहिए और उनका सम्मान बढ़ाना परिवार और समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि एक पिता के रूप में यह सबसे बड़ी खुशी है जब उनके बच्चे उनसे आगे बढ़कर समाज और देश में योगदान करते हैं।

सम्मान समारोह में मेयर राजरानी तिलक राज मल्होत्रा ने जीनल की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि हमारी होनहार बेटियां किसी से कम नहीं हैं। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि जीनल ने कलेट में 46वीं रैंक हासिल कर गुरुग्राम का गौरव बढ़ाया है और उन्हें पूरा विश्वास है कि वह भविष्य में और भी ऊँचाइयों को छुएँगी और शहर का नाम रोशन करेंगी। इसके साथ ही मेयर ने जीनल को अपने हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

पूर्व डिप्टी मेयर परविंदर कटारिया ने भी जीनल की सफलता पर गर्व व्यक्त किया और बताया कि डीएवी स्कूल से शिक्षा प्राप्त कर गुरुग्राम का नाम राष्ट्रीय स्तर पर उज्जवल किया है। उन्होंने कहा कि ऐसी होनहार बेटियों की उपलब्धियाँ समाज और शहर के लिए प्रेरणादायक हैं और यह सभी के लिए गर्व का विषय है।

इस अवसर पर शीतला माता के मुख्य पुजारी जय भगवान शर्मा, हरिओम भारद्वाज, अरुण शर्मा, देवानंद शास्त्री, राकेश शुक्ला शास्त्री, हनुमत प्रसाद शर्मा,जुगल किशोर, अशोक कुमार, ब्राह्मण वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय शर्मा, गुड़गांव विकास मंच के उपाध्यक्ष अनिल वशिष्ठ, पूर्व सचिव कमलजीत कटारिया पुलिस सहित फाउंडेशन से रितु कटारिया, स्वास्तिक फाउंडेशन के अध्यक्ष बनवारी लाल सैनी, श्री दुर्गा रामलीला कमेटी ट्रस्ट अध्यक्ष कपिल सलूजा, शशि देशवाल , निगम पार्षद रेखा सैनी, पार्षद पवन सैनी,पार्षद प्रथम वशिष्ठ, पार्षद आशीष गुप्ता, पार्षद अनूप सिंह , पार्षद सोनिया यादव, पार्षद सारिका प्रशांत भारद्वाज, पूर्व पार्षद योगेंद्र सारवान, पुलिस रोटी बैंक के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश भारद्वाज, राजकुमार राव, शीतला जल सेवा समिति अध्यक्ष नरेंद्र कटारिया, शीतल सेवादल अध्यक्ष अमरजीत कटारिया, गुंजन सिंह, ब्राह्मण विकास परिषद अध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा सहित शहर के गणमान्य लोग मौजूद थे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें