नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता के उद्देश्य से निकाली गई रैली
युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कर स्वस्थ जीवन अपनाने का आह्वान
निःशुल्क विधिक सहायता, परामर्श एवं पुनर्वास सेवाओं की दी गई जानकारी
गुरुग्राम, 23 दिसंबर- नशा मुक्त हरियाणा अभियान के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) गुरुग्राम द्वारा आज जिला न्यायालय परिसर के समीप एक जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
इस जागरूकता रैली में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी, पैनल अधिवक्ता, पारा लीगल स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियाँ एवं बैनर लेकर “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “नशा मुक्त हरियाणा” जैसे नारों के माध्यम से समाज में नशे के विरुद्ध संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गुरुग्राम राकेश कादियान ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जो विशेष रूप से युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना देती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सही दिशा, नैतिक शिक्षा और सकारात्मक वातावरण प्रदान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी बताया कि नशा मुक्त हरियाणा अभियान के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गुरुग्राम द्वारा न केवल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, बल्कि नशे से प्रभावित व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता, परामर्श तथा पुनर्वास सेवाओं से जोड़ने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
रैली के दौरान आम जनता को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी देने के साथ-साथ निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं के बारे में भी अवगत कराया गया। लोगों से अपील की गई कि वे नशे के विरुद्ध एकजुट होकर आवाज़ उठाएं तथा इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दें।









