वारदात में प्रयुक्त कार व 49.50 लाख रुपये नकद बरामद
गुरुग्राम, 17 दिसम्बर 2025 – गुरुग्राम पुलिस ने 50 लाख रुपये के गबन के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी PSO को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मारुति एस-प्रेसो कार तथा 49 लाख 50 हजार रुपये की नगद राशि भी बरामद की है।
पुलिस थाना सेक्टर-56 गुरुग्राम में दर्ज शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया कि जय प्रताप सिंह निवासी गांव बेलहार, जिला मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) पिछले 10 वर्षों से उनके कार्यालय में PSO के रूप में कार्यरत था। दिनांक 10 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 12:30 बजे जय प्रताप सिंह को सेक्टर-57, गुरुग्राम स्थित कार्यालय से मारुति एस-प्रेसो कार में 50 लाख रुपये नकद देकर दिल्ली में एक परिचित को पहुंचाने के लिए भेजा गया था।
शाम करीब 4:50 बजे फोन पर संपर्क करने पर आरोपी ने स्वयं को सूरजकुंड, फरीदाबाद के पास बताया, लेकिन कुछ समय बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। दिल्ली में जिस व्यक्ति को रुपये पहुंचाने थे, वहां भी आरोपी के नहीं पहुंचने की पुष्टि हुई। इसके बाद स्पष्ट हुआ कि जय प्रताप सिंह 50 लाख रुपये लेकर फरार हो गया है। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-56 में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
निरीक्षक नरेंद्र कुमार शर्मा, इंचार्ज अपराध शाखा सेक्टर-43, गुरुग्राम के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए दिनांक 16 दिसंबर 2025 को सेक्टर-56, गुरुग्राम से आरोपी जय प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह DISCOVERY WINE GROUP में PSO के पद पर कार्यरत था। उसने दिल्ली जाकर मोबाइल फोन बंद कर दिया और अपनी कार बतरा अस्पताल की MCD पार्किंग में खड़ी कर दी। कार की डिग्गी में रुपये छुपाने के बाद वह हरिद्वार-ऋषिकेश घूमने चला गया, जहां उसने मोबाइल फोन तोड़कर फेंक दिया। आरोपी हिमाचल प्रदेश में फलों का बागान लगाने की योजना के लिए यह राशि गबन करना चाहता था। गबन की गई राशि में से 50 हजार रुपये वह घूमने-फिरने में खर्च कर चुका था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने बतरा अस्पताल, दिल्ली की MCD पार्किंग से मारुति एस-प्रेसो कार बरामद की, जिसकी डिग्गी से 49 लाख 50 हजार रुपये की नगद राशि बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को 17 दिसंबर 2025 को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। मामले की जांच जारी है।









