भारतीय योग संस्थान के तत्वावधान में सेक्टर-14 हिसार में दो दिवसीय योग साधना शिविर सफलतापूर्वक संपन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हिसार, 14 दिसंबर 2025 – भारतीय योग संस्थान के तत्वावधान में सेक्टर-14, हिसार में आयोजित दो दिवसीय योग साधना शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर भारतीय योग संस्थान हरियाणा प्रांत के प्रधान श्री ओम प्रकाश जी, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सुशीला जी, हरियाणा प्रांत के मंत्री श्री रामपाल गोयल जी तथा उकलाना के प्रधान श्री मुकेश गोयल जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान साधकों को गहरी एवं लंबी श्वास-प्रश्वास, ॐ ध्वनि तथा गायत्री मंत्र का अभ्यास करवाया गया। श्री रामपाल गोयल जी ने योगासनों एवं मंत्रोच्चारण के साथ विधिपूर्वक सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया। वहीं श्रीमती सुशीला जी ने विभिन्न योगासनों के माध्यम से शरीर एवं मन के संतुलन का महत्व सरल शब्दों में समझाया। उकलाना से पधारे श्री मुकेश गोयल जी ने प्राणायाम के लाभों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उसका व्यावहारिक अभ्यास भी करवाया।

भारतीय योग संस्थान के प्रांतीय प्रधान श्री ओम प्रकाश जी ने ध्यान एवं षट्कर्म के महत्व पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी और भारतीय संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन में योग की भूमिका को रेखांकित किया। उनके द्वारा कराए गए ध्यान अभ्यास से पूरा वातावरण सकारात्मक ऊर्जा और शांति से परिपूर्ण हो गया।

इस अवसर पर जिला प्रधान श्री सुरेश जांगड़ा जी ने सभी योग प्रशिक्षकों, अतिथियों एवं साधकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय योग संस्थान देशभर में निःशुल्क योग शिक्षा के माध्यम से योग को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि संस्थान का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को योग से जोड़कर स्वस्थ, संतुलित एवं संस्कारित जीवन की ओर अग्रसर करना है।

दो दिवसीय इस योग साधना शिविर में कुल 62 महिला एवं पुरुष साधकों ने सक्रिय सहभागिता की। अंत में शांति पाठ के साथ शिविर का सफल समापन किया गया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!