“वोट चोर–गद्दी छोड़” रैली लोकतंत्र व संविधान की रक्षा की आवाज़ बनेगी

गुरुग्राम, 14 दिसंबर 2025। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं जिला बार एसोसिएशन गुरुग्राम के पूर्व प्रधान चौधरी संतोख सिंह ने कहा है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ठोस सबूतों के साथ चुनावों में वोटर लिस्ट की चोरी, हेरा-फेरी और गंभीर अनियमितताओं का पर्दाफ़ाश कर भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत को उजागर किया है।
चौधरी संतोख सिंह कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली में आयोजित “वोट चोर–गद्दी छोड़” रैली में शामिल होने के लिए रवाना हुए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा उठाए गए सवालों पर चुनाव आयोग अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया है, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी। यह रैली लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी, जनादेश के साथ विश्वासघात और वोट की चोरी जैसे गंभीर मुद्दों के खिलाफ जनता की निर्णायक आवाज़ है।
चौधरी संतोख सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार सत्ता के बल पर लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर कर रही है और जनता के अधिकारों का लगातार हनन हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज आम जनता भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और बुनियादी सुविधाओं की बदहाली से त्रस्त है, जबकि सरकार जमीनी समस्याओं से मुंह मोड़े हुए है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक जनता को न्याय नहीं मिलेगा, कांग्रेस पार्टी का यह आंदोलन और अधिक तेज़ किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर लोकतंत्र की रक्षा के इस संघर्ष में पूरी मजबूती के साथ भाग लें।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा, भोले गुर्जर, संजय अहलावत, बलबीर गबदा (पूर्व पार्षद), उदय पहलवान, महावीर कन्हेयी, उम्मेद सिंह महलावत, ईश्वर सिंह प्रजापत, किशोर महलावत, नरेंद्र पाल किलहोड, संदीप राठी, अक्षय चौधरी एडवोकेट, राहुल किलहोड एडवोकेट, जतिन शर्मा, प्रवीण शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। सभी ने लोकतंत्र और जनहित के मुद्दों पर सरकार के खिलाफ संघर्ष को और तेज़ करने का संकल्प लिया।









