चंडीगढ़, 13 दिसंबर। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में कांग्रेस पार्टी की प्रस्तावित ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ महारैली देश की राजनीति में एक बड़ा संदेश देने जा रही है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने इसे लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए निर्णायक कदम बताते हुए कहा कि यह महारैली भाजपा सरकार के कथित दमनचक्र का करारा जवाब बनेगी और राष्ट्रीय राजनीति की दिशा को नया मोड़ देगी।
राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा सरकार सत्ता के दुरुपयोग के बल पर देश के सामाजिक ताने-बाने को कमजोर कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का असली उद्देश्य लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर संविधान की आत्मा को चोट पहुंचाना है। “जांच एजेंसियों का लगातार राजनीतिक दुरुपयोग हो रहा है और अब चुनाव आयोग तक को दबाव में लेकर हर राज्य में कथित वोट चोरी के जरिए सत्ता हासिल की जा रही है,” उन्होंने कहा।
कांग्रेस की यह महारैली विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया और कथित वोट चोरी जैसे गंभीर मुद्दों पर केंद्रित होगी। पार्टी का कहना है कि चुनावी प्रक्रियाओं की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं, जिससे लोकतंत्र की विश्वसनीयता प्रभावित हो रही है। राहुल गांधी के नेतृत्व में होने वाली इस रैली में देशभर से लाखों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे और संविधान की रक्षा का संकल्प दोहराएंगे। इस महारैली में हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और हरियाणा से बड़ी तादाद में जागरूक कार्यकर्ता इस महारैली में शिरकत करेंगे। इसके अलावा राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बड़े जत्थे दिल्ली पहुंच रहे हैं। राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि कई वरिष्ठ नेताओं की अगुवाई में यह शक्ति प्रदर्शन भाजपा के लिए एक बड़ी राजनीतिक चुनौती साबित हो सकता है।
यह महारैली देश की राजनीति में नया अध्याय लिखेगी। राहुल गांधी के नेतृत्व में उमड़ने वाला कांग्रेस का यह जनसैलाब निश्चित रूप से भ्रष्ट सत्ताधारियों के सिंहासन की चूलें दिला देगा







