टैलेंट हंट : संवैधानिक गरिमा, लोकतांत्रिक परंपराओं और कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ने का स्वर्णिम अवसर – चांदवीर हुड्डा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा युवाओं को संगठन से जोड़ने और नेतृत्व क्षमता को निखारने के उद्देश्य है ‘नेशनल टैलेंट हंट प्रोग्राम’ – चांदवीर हुड्डा

12 दिसंबर, सोनीपत। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने देशभर के युवाओं को संगठनात्मक प्रक्रियाओं से जोड़ने, उनकी राजनीतिक समझ को सुदृढ़ करने और उन्हें नेतृत्व के महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर पर ‘टैलेंट हंट कार्यक्रम’ की घोषणा की है। इस संदर्भ में नेशनल टैलेंट हंट प्रोग्राम के संयोजक चांदवीर हुड्डा ने आज एक प्रेस वार्ता आयोजित की, प्रेसवार्ता में शहरी जिलाध्यक्ष कमल दिवान, ग्रामीण जिलाध्यक्ष संजीव दहिया,पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार,सुरेंद्र दहिया,प्रेम नारायण गुप्ता, राकेश सोढ़ा,निर्मला राठी,सुषमा आदि मौजूद रहे।

चांदवीर हुड्डा ने कहा कि यह टैलेंट हंट केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक ऐसा सशक्त मंच है, जहाँ देश के हर कोने से आए युवा अपने विचार, योग्यता और सामाजिक प्रतिबद्धता का परिचय दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम युवाओं को संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक गरिमा और कांग्रेस की मूल विचारधारा से जुड़ने का “स्वर्णिम अवसर” प्रदान करता है।

हुड्डा ने कहा की कांग्रेस वह राजनीतिक शक्ति है जिसने भारत के संविधान की रचना में अग्रणी भूमिका निभाई, लोकतंत्र को मजबूत आधार दिया और समावेशी भारत का सपना देखा। आज जब देश कई नई चुनौतियों से गुजर रहा है, तब युवा पीढ़ी को आगे आकर गांधी, नेहरू, पटेल, अम्बेडकर और इंदिरा गांधी की विरासत को आधुनिक चुनौतियों के अनुरूप आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया की इस अभियान के माध्यम से कांग्रेस प्रतिभावान, ऊर्जावान, जुझारू और बौद्धिक रूप से सक्षम युवाओं को संगठन में महत्वपूर्ण भूमिकाओं में शामिल करना चाहती है। चयनित युवाओं को पार्टी में प्रवक्ता,मीडिया पैनलिस्ट,रिसर्च कोऑर्डिनेटर,प्रचार कोऑर्डिनेटर इत्यादि के पदों पर जिम्मेदारी दी जाएगी।

इसकी चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यापक बनाने के लिए इसे तीन चरणों में विभाजित किया गया है पहले ब्लॉक एवं जिला स्तरपर आवेदन प्रक्रिया,प्रारंभिक स्क्रीनिंग एवं चयन होगा।उसके बाद प्रदेश स्तर पर लिखित परीक्षा, समूह चर्चा (GD), व्यक्तिगत साक्षात्कार (Interview) होगा और अंत मे राष्ट्रीय स्तर पर अंतिम चयन, पेशेवर प्रशिक्षण होगा एवं वरिष्ठ नेतृत्व के साथ संवाद का अवसर भी मिलेगा। चयनित युवाओं को युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवा दल सहित पार्टी के विभिन्न मोर्चों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी। साथ ही उन्हें पार्टी की नीतियों, संगठनात्मक कौशल, राजनीतिक समझ और मीडिया प्रबंधन से सम्बंधित विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।

प्रेस वार्ता के दौरान यह भी बताया गया कि टैलेंट हंट के लिए आवेदन प्रक्रिया औपचारिक रूप से प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक युवा कांग्रेस की आधिकारिक वेबसाइट या निकटतम जिला/ब्लॉक स्तरीय पार्टी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

हुड्डा ने विश्वास जताया कि कांग्रेस का यह कदम पार्टी में नई ऊर्जा, नए विचार और नए नेतृत्व का संचार करेगा तथा भारतीय लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी पहल साबित होगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!