डीसी अजय कुमार ने श्री शीतला माता मंदिर पुनर्निर्माण परियोजना की प्रगति का लिया जायज़ा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए तेज़ी से आगे बढ़ेगा निर्माण कार्य

गुरुग्राम, 12 दिसंबर – डीसी एवं श्री माता शीतला देवी श्राइन बोर्ड के प्रशासक अजय कुमार ने शुक्रवार को मंदिर परिसर में चल रही माता के बहुमंजिला भवन निर्माण परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। यह बैठक लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की गई, जिसमें श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुमित कुमार सहित नगर निगम, मंदिर प्रबंधन समिति और निर्माण एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

डीसी ने बैठक के दौरान कहा कि शीतला माता मंदिर के पुनर्विकास कार्य को राज्य सरकार प्राथमिक महत्व दे रही है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की बढ़ती जरूरतों और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य तय समयसीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। निर्माण से जुड़े विभिन्न तकनीकी बिंदुओं—जैसे शिखर संरचनाओं की इंजीनियरिंग जांच, ड्रॉइंग्स की स्वीकृति, स्टोन क्लैडिंग व अन्य कार्यों की निविदाएं, मेला ग्राउंड पार्किंग, प्रसाद वितरण केंद्र व कैफेटेरिया, रेस्ट एरिया तथा फुट ओवर ब्रिज के एस्टीमेट—पर विस्तृत चर्चा की गई।

करीब 4.8 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रही इस परियोजना के तहत नए भवन परिसर में श्रद्धालुओं के लिए योग मंडप, ध्यान कक्ष, तीर्थ कुंड, खुले मंच पर सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए ओपन एयर थियेटर, बच्चों के लिए पार्क तथा वातावरण की स्वच्छता हेतु एसटीपी और ईटीपी जैसी सुविधाएं तैयार की जा रही हैं।

डीसी अजय कुमार ने निर्देश दिया कि सभी विभाग समन्वय बनाए रखें और नियमित निरीक्षण के माध्यम से सुनिश्चित करें कि निर्माण कार्य समय पर और मानकों के अनुरूप पूरा हो। उन्होंने कहा कि यह परियोजना धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक व सांस्कृतिक रूप से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए हर चरण में विशेष सावधानी और जिम्मेदारी बरतना आवश्यक है।

बैठक में नगर निगम गुरुग्राम के चीफ इंजीनियर विजय ढाका, निर्माण संस्था मेसर्स गोरा लाल बिल्डर्स से एमडी हरीश गोयल, प्रोजेक्ट आर्किटेक्ट रिंपेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!