केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने गुरूग्राम की जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता की

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

केंद्रीय मंत्री ने विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा कर, पारदर्शिता व समयबद्धता पर दिया जोर

गुरुग्राम मेट्रो कनेक्टिविटी और ऑर्बिट रेल परियोजना की गति तेज करने के निर्देश

“जनकल्याण योजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू करें: राव इंद्रजीत सिंह

बंधवाड़ी वेस्ट प्लांट, बस स्टैंड, राजमार्ग, रेहड़ी-पटरी, ट्रैफिक, जलभराव और जल जीवन मिशन पर दिए महत्वपूर्ण निर्देश

गुरुग्राम, 10 दिसंबर। केंद्रीय सांख्यिकीय, कार्यक्रम कार्यान्वयन, योजना राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने बुधवार को गुरूग्राम की जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता की। यह बैठक लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की गई थी। केंद्रीय मंत्री के गुरुग्राम आगमन पर डीसी अजय कुमार ने उनका स्वागत किया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधि और अधिकारी आपसी समन्वय के साथ योजनाओं को तेजी से जनता तक पहुँचाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि जनकल्याण से जुड़ी सभी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक बिना किसी देरी और बाधा के पहुँचे। राव इंद्रजीत सिंह ने जोर दिया कि विकास कार्यक्रमों तथा लोक-कल्याणकारी योजनाओं को कार्यदायी संस्थाएँ पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता के साथ पूरा करें, ताकि आमजन को इनका वास्तविक लाभ मिल सके।

गुरुग्राम मेट्रो कनेक्टिविटी और ऑर्बिट रेल परियोजना की गति तेज करने के निर्देश

केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के पहले फेज को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए लैंड एक्विज़िशन प्रक्रिया को शीघ्रता से निपटाया जाए तथा दूसरे फेज की डीपीआर जल्द से जल्द तैयार की जाए। बैठक में हरियाणा ऑर्बिट रेल परियोजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। राव इंद्रजीत सिंह ने अधिकारियों से परियोजना की समयसीमा और भविष्य में आ सकने वाली संभावित रुकावटों की स्पष्ट जानकारी देने को कहा। अधिकारियों ने बताया कि ऑर्बिट रेल का निर्माण तीन सेक्शन में किया जा रहा है—धुलावट से मानेसर सेक्शन जून 2027 तक, धुलावट से पृथला सेक्शन दिसंबर 2028 तक और न्यू पातली से हसन कला सेक्शन अप्रैल 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

बंधवाड़ी सॉलिड वेस्ट प्लांट क्षेत्र में भूजल सर्वे के निर्देश

बंधवाड़ी सॉलिड वेस्ट प्लांट की समीक्षा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्लांट के आसपास के क्षेत्रों में 15 वर्ष पूर्व भूजल की गुणवत्ता और वर्तमान स्थिति का विस्तृत सर्वे कराया जाए। उन्होंने भूजल के आवासीय कॉलोनियों में प्रवेश की संभावना की वैज्ञानिक जांच करवाने तथा इसे रोकने के उपाय सुझाने के निर्देश दिए। उन्होंने डीसी को इस संबंध में एक विशेषज्ञ कमेटी गठित करने को कहा, जिसमें संबंधित विभागों के साथ एनजीओ भी शामिल होंगे।

पुराने बस स्टैंड को जीएमसीबीएल उपयोग हेतु चिन्हित करने का सुझाव

गुरुग्राम के नए बस स्टैंड निर्माण पर चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जैसे ही नया बस स्टैंड शिफ्ट हो, पुराने बस स्टैंड की जगह को जीएमसीबीएल बस स्टैंड के रूप में विकसित किया जाए। इससे आमजन को सुगम आवागमन और बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी, साथ ही यातायात व्यवस्था भी सुव्यवस्थित होगी।

गुरुग्राम–पटौदी–रेवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रगति रिपोर्ट की मांग

केंद्रीय मंत्री ने गुरुग्राम–पटौदी–रेवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यों का संज्ञान लेते हुए डीसी को एक कमेटी गठित करने के निर्देश दिए, जो सड़क निर्माण की प्रगति और सभी चरणों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि यह मार्ग औद्योगिक व दैनिक यातायात की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए कार्यों में किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं होगी। बैठक में एनएचएआई से परियोजना निदेशक ने बताया कि जनवरी माह के अंत तक यह एनएच बनकर तैयार हो जाएगा। इसके उपरांत अन्य कार्यों जैसे साइनबोर्ड आदि को भी जल्द पूरा किया जाएगा।

सदर बाजार एवं अन्य क्षेत्रों में रेहड़ी-पटरी समस्या का स्थाई समाधान

बैठक में सदर बाजार सहित अन्य प्रमुख क्षेत्रों में रेहड़ी-पटरी के कारण लोगों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया गया। केंद्रीय मंत्री ने निगमायुक्त को निर्देश दिया कि समस्या का स्थाई समाधान निकाला जाए और वेंडिंग ज़ोन तय कर रेहड़ी-पटरी वालों को व्यवस्थित रूप से वहां स्थानांतरित किया जाए। अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम ने गुरुग्राम में 200 और मानेसर में 15 वेंडिंग ज़ोन चिन्हित कर कार्य को विभिन्न चरणों में आगे बढ़ाया जा रहा है।

राजीव चौक जाम और सदर बाजार के पास पार्किंग की कमी पर जताई चिंता, स्थाई समाधान के दिए निर्देश

केंद्रीय मंत्री ने राजीव चौक पर लगने वाले जाम और सदर बाजार के आसपास पार्किंग की अपर्याप्तता पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि दोनों समस्याओं का स्थाई समाधान निकाला जाए ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके। उन्होंने मानसून के दौरान जलभराव की स्थिति और धनकोट क्षेत्र में जलमग्न भूमि के मुद्दे पर चर्चा करते हुए प्रभावित किसानों को आर्थिक मदद देने के विकल्पों पर विचार करने के निर्देश भी दिए।

पुरानी सीवर और पानी की लाइनों को बदलते वक्त भविष्य की ज़रूरतों का रखे ध्यान

जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि शहर के पुराने सीवर और पेयजल पाइपलाइन को
बदलते समय भविष्य की बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मजबूत जल प्रबंधन प्रणाली विकसित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण तथा समयबद्ध तरीके से पूरे हों।

बैठक में सांसद आदर्श ग्राम योजना की विस्तृत रिपोर्ट देते हुए बताया गया कि जिला के पटौदी ब्लॉक की पंचायत बास पदमका, सोहना ब्लॉक में गांव घामडोज तथा फर्रुखनगर में पंचायत जमालपुर में कल 87 विकास कार्य प्रस्तावित थे। जिनमें से 33 विकास कार्य पूर्ण हो गए हैं व पांच विकास कार्य अभी जारी हैं।

बैठक में केंद्रीय मंत्री ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जिनमें प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्रीआदर्श ग्राम योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना-हर खेत को पानी, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना,
दीनदयान उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना, दूरसंचार बुनियादी ढांचा कार्यक्रम, डिजीटल भारत भू-अभिलेख आधुनिकिकरण कार्यक्रम, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, रेलवे बुनियादी ढांचा कार्यक्रम, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम सहित 25 से अधिक विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।

डीसी अजय कुमार ने जिला प्रशासन की तरफ से केंद्रीय मंत्री को विश्वास दिलाया कि सभी योजनाओं पर त्वरित गति से काम करते हुए लाभपात्रों को इनका लाभ पहुंचाया जाएगा।

बैठक में नगर निगम गुरुग्राम आयुक्त प्रदीप दहिया, एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह, मानेसर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह, जीएमसीबीएल के सीईओ विश्वजीत चौधरी, जिला परिषद की अध्यक्ष दीपाली चौधरी, मानेसर मेयर डॉ इंद्रजीत कौर, एसीयूटी अदिति सिंघानिया, केंद्रीय मंत्री के निजी सचिव ब्रह्म दत्त व नरेश शर्मा, जिला परिषद् के सीईओ सुमित कुमार, एडीसी वत्सल वशिष्ठ सहित जिला प्रशासन के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें