सेल्फ हेल्प ग्रुप का यह सम्मेलन महिलाओं के आत्म विश्वास और शक्ति का उत्सव है : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महिला शक्ति आत्मनिर्भर भारत की अग्रदूत : नायब सैनी

सेल्फ हेल्प ग्रुप सम्मेलन में सीएम नायब सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, राष्ट्रीय सचिव अलका गुर्जर, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने कहा – आत्मनिर्भर भारत बनाने में महिलाएं पूरा सहयोग करें

महिलाएं मजबूत होती हैं तो भारत मजबूत होता है : पंडित मोहन लाल बड़ौली

चंडीगढ़, 29 नवंबर। सेल्फ हेल्प ग्रुप और भाजपा महिला मोर्चा के सेमिनार में बोलते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज का यह सम्मेलन महिलाओं के आत्म विश्वास और शक्ति का उत्सव है। उन्होंने कहा कि आप सभी महिला शक्ति आत्मनिर्भर भारत की अग्रदूत हैं और आत्मनिर्भर भारत का असली चेहरा है। श्री सैनी ने कहा कि जब किसी गांव की महिला या युवा बेटी सिलाई मशीन लेकर कार्य शुरू करती है तो वह अपने परिवार की जीविका ही नहीं चलाती, बल्कि समाज का भविष्य भी बनाती है। सम्मेलन को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली, भाजपा की राष्ट्रीय सचिव अलका गुर्जर ने भी संबोधित किया। इस मौके पर संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, विधायक शक्ति रानी शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, आत्मनिर्भर भारत के प्रदेश संयोजक पर्व शर्मा मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा का स्वयं सहायता समूह आत्मनिर्भर भारत का सबसे मजबूत स्तंभ बन चुका है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की पहचान है हर घर में हूनर और हर हाथ को काम हो। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने 2014 के बाद महिलाओं को सशक्त करने काम किया है। हमारी सरकार ने अब तक प्रदेश में 65 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि लाखों महिलाएं अपनी मेहनत से समाज में सम्मान और पहचान बना चुकी है।
नायब सैनी ने कहा कि बैंकों से स्वयं सहायता समूहों को लोन लेने की बात हो या प्रशिक्षण की बात हो या फिर मार्किटिंग व ब्रांडिंग की बात हो तो हमारी सरकार पूरी सुविधा देने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं डेयरी उत्पादों और हथकरघा में कमाल दिखा रही है। जैविक खेती और डिजिटल सेवाओं से लेकर छोटे उद्योगों तक अपनी भागीदारी बखूबी निभा रही हैं। श्री सैनी ने कहा कि किसानी से जुडे विषयों पर हमारी सरकार ने शहद को भावांतर भरपाई योजना से जोड़ने का काम किया है। प्रदेश की महिलाएं मेहनत करती हैं और उसका भाव बाजार में मेहनत से कम मिलता है तो हरियाणा सरकार भरपाई करने का काम करेगी।
नायब सैनी ने कहा कि प्रदेश की महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही है और यह आत्मनिर्भर भारत का एक मजबूत रास्ता है। पीएम मोदी का वोकल फॉर लोकल का नारा अब सफलता की ओर आगे बढ़ रहा है। श्री सैनी ने कहा कि हमें गर्व है कि हरियाणा की महिलाओं ने अपनी मेहनत और हुनर से देश में अपना नाम कमाया है। राज्य ग्रामीण आजीविका से जुड़ी हुई हमारी महिलाओं को सराहनीय कार्यों और समाज में सहयोग देने के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा सम्मानित करने काम भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने भी प्रदेश की महिलाओं के कामों की प्रशंसा की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में रोहतक की बहनों का हथकरघा उद्योग का जिक्र किया है यह हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं पशुपालन, बागवानी, ब्यूटी पार्लर, किरयाना की दुकानों के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रही है। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में अलग-अलग प्रोडेक्ट हैं जिन्हें प्रदेश की महिलाएं आगे बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ऐसे प्रोडक्टों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचा रही है।

नायब सैनी ने स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों से आग्रह करते हुए कहा कि वे स्वदेशी को बढावा देकर आत्मनिर्भर भारत बनाने में भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों ने आर्थिक मजबूती देने के साथ-साथ आत्मविश्वास, नेतृत्व तथा उद्यामिता को भी एक नई दिशा देने का काम किया है। गांव-गांव में महिलाओं के प्रति बदलती सोच, घर-घर में बढ़ता सम्मान और समाज में उमड़ती नई उर्जा यह सब स्वयं सहायता समूहों के योगदान का ही परिणाम है।

नायब सैनी ने कहा कि महिलाओं को सशक्त करने का काम हमारी सरकार निरंतर कर रही है। लाड़ो लक्ष्मी योजना के तहत हमारी सरकार ने पांच हजार करोड़ रुपयों का प्रावधान किया है। पहली किस्त में जिन छह लाख महिलाओं का रजिस्ट्रेशन हुआ था उनके खातों में राशि पहुंचाने का काम किया है। दूसरी किस्त 8 लाख महिलाओं तक पहुंचेगी।

महिलाएं मजबूत होती हैं तो भारत मजबूत होता है : पंडित मोहन लाल बड़ौली

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि जब महिलाएं मजबूत होती है तो भारत मजबूत होता है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का उदाहरण देते हुए कहा कि जब शक्ति की जरूरत पड़ती है तो माता को याद किया जाता है और माता के स्वरूप में हम नारी शक्ति की पूजा करते हैं। श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा सनातन की पम्पराओं को मानने वाली पार्टी है।
श्री बड़ौली ने कहा कि पीएम मोदी ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में अनेकों योजनाएं चलाई और उनका लाभ भी देश की महिलाओं को मिल रहा है। हरियाणा की नायब सरकार महिलाओं को पूरा मान और सम्मान दे रही है। श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा सरकार ने पंचायती राज में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया है। उन्होंने नायब सैनी सरकार की लाड़ो लक्ष्मी योजना की तारीफ करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं को सशक्त करने काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा लाड़ो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को सबसे ज्यादा राशि देने वाला राज्य है।

सम्मेलन को भाजपा की राष्ट्रीय सचिव अलका गुर्जर ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार स्वयं सहायता समूहों की सहयोगी सरकार है। भाजपा ने महिलाओं को सशक्त बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी सभी महिलाएं सशक्त भारत के निर्माण में सहयोग करें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें