भूपेंद्र सिंह हुड्डा की बहन बिमला देवी का निधन — परिवार और परिचितों में शोक की लहर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

झाड़सा श्मशान में हुआ अंतिम संस्कार, अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा स्नेह और सम्मान

गुरुग्राम, मंगलवार। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के परिवार पर मंगलवार को दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनकी बड़ी बहन बिमला देवी ने 78 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। वे काफी समय से अस्वस्थ चल रही थीं। परिवार के साथ गुरुग्राम के सेक्टर-33 स्थित द विलाज सोसाइटी में रहने वाली बिमला देवी अपने सादगीपूर्ण स्वभाव और पारिवारिक मूल्यों के लिए जानी जाती थीं।

उनके पति राजीव चौधरी, जो हरियाणा सरकार में ज्वाइंट कमिश्नर (एक्साइज एंड टैक्सेशन) के पद पर रह चुके हैं, और परिवार के अन्य सदस्यों के लिए यह क्षति अपूरणीय है। निधन के बाद बिमला देवी का पार्थिव शरीर उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहाँ रिश्तेदारों, परिचितों और शुभचिंतकों की निरंतर आवाजाही रही। हर किसी ने उन्हें एक सरल, स्नेहमयी और परिवार को जोड़कर रखने वाली व्यक्तित्व के रूप में याद किया।

दोपहर बाद झाड़सा स्थित मुक्ति धाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान वातावरण गमगीन था। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, उनके पुत्र राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, परिवार के सदस्य, करीबी रिश्तेदार और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी ने बिमला देवी के निधन को परिवार के साथ-साथ समाज के लिए भी एक क्षति बताया।

बिमला देवी की स्मृतियाँ परिजनों और परिचितों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें