जागरूक नागरिक मंच ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

स्वास्थ्य, स्वच्छता और बुनियादी ढाँचे की अव्यवस्थाओं पर त्वरित समाधान की मांग

गुरुग्राम, 25 नवंबर 2025 – ‘जागरूक नागरिक मंच’ के आह्वान पर शहर के विभिन्न सेक्टरों और कॉलोनियों के नागरिकों ने मंगलवार को जिला उपायुक्त कार्यालय पर धरना देकर गुरुग्राम की बिगड़ती स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और बुनियादी ढाँचे से जुड़ी गंभीर समस्याओं के समाधान की मांग की। प्रदर्शन के उपरांत नागरिकों ने अपनी आठ प्रमुख माँगों वाला विस्तृत ज्ञापन नायब तहसीलदार सुरेंद्र भारद्वाज को सौंपा।
ज्ञापन स्वीकारते हुए भारद्वाज ने भरोसा दिलाया कि सभी मांगें उच्च अधिकारियों व सरकार तक पहुंचाई जाएँगी। साथ ही, मंच के प्रतिनिधियों की अगले सप्ताह डीसी से मुलाकात कराने का आश्वासन भी दिया, ताकि मुद्दों पर सीधी बातचीत हो सके।

मंच की ओर से यह ज्ञापन 16 नवंबर 2025 को आयोजित नागरिक कन्वेंशन में सर्वसम्मति से पारित प्रस्तावों के आधार पर तैयार किया गया था। धरना स्थल पर मंच के अध्यक्ष एडवोकेट राम सकल, सरवन कुमार (न्यू पालम विहार), निरंजन लाल (सूरत नगर फेज–2), एडवोकेट अनिल पवार और वजीर सिंह (लक्ष्मण विहार) ने जनता को संबोधित करते हुए शहर की दुर्दशा पर चिंता जताई और तुरंत कार्रवाई की मांग की।

इस मौके पर प्रमुख रूप से हेमराज, कोमल सिंह, रामकुमार शर्मा, पवन फौजी, बलवान सिंह, वशिष्ठ महतो, महेश, बलबीर सिंह, धर्मवीर भारती, उपेंद्र सिंह, गजेंद्र सिंह, राजेश कुमार, सुंदरलाल, बाबूलाल, सतीश कुमार, अमित शर्मा, श्याम सुंदर मुखिया, रामकिशन प्रजापत समेत बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

ज्ञापन की प्रमुख माँगें
  • अनियमित कूड़ा उठान, सार्वजनिक स्थानों पर कचरे के ढेर और सीवर ओवरफ्लो की समस्या का त्वरित समाधान।
  • बंद पड़ी मिनी एसटीपी (Mini STP) को तुरंत चालू कर नियमित सफाई सुनिश्चित करना।
  • शहर की टूटी सड़कों और गलियों की चरणबद्ध व समयबद्ध मरम्मत योजना बनाना।
  • धनवापुर रेलवे अंडरपास में जलभराव की स्थायी तकनीकी सुधार योजना लागू करना तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व ठेकेदारों पर कार्रवाई।
  • शीतला माता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को पूरी क्षमता के साथ जल्द शुरू करना तथा सिविल अस्पताल के निर्माण कार्य में तेजी लाना।
  • शहर में बढ़ती छेड़छाड़ और झपटमारी की घटनाओं पर रोक के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाना।
  • गंभीर वायु और जल प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा कड़े नियम लागू करवाने और नियमित सफाई व जल छिड़काव सुनिश्चित करने का आग्रह।
  • प्रवासी श्रमिकों के लिए सस्ते आवास और व्यवस्थित पुनर्वास नीति बनाने पर बल।
  • नागरिकों की सुविधा के लिए नए और व्यवस्थित बस स्टैंड का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग।

मंच ने उम्मीद जताई कि डीसी महोदय शहर की गंभीर समस्याओं को समझते हुए तत्काल और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
ज्ञापन की प्रतियाँ मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, और नगर निगम आयुक्त गुरुग्राम को भी भेजी गई हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें