20 से 22 दिसंबर तक ताऊ देवीलाल स्टेडियम में होगा भव्य आयोजन, सांसद राव इंद्रजीत करेंगे शुभारंभ
ग्रामीण–शहरी युवाओं की प्रतिभा निखारने और ‘फिट इंडिया’ को बढ़ावा देने पर रहेगा विशेष फोकस

गुरुग्राम, 26 नवंबर। डीसी अजय कुमार ने आज लघु सचिवालय में सांसद खेल महोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध एवं प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव न केवल खेल भावना को बढ़ावा देगा, बल्कि युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बड़ा मंच उपलब्ध कराएगा।
डीसी ने कहा कि महोत्सव का आयोजन 20 से 22 दिसंबर 2025 तक किया जाएगा, जिसका शुभारंभ केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद राव इंद्रजीत सिंह द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में गुरुग्राम संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गुरुग्राम, रेवाड़ी और नूंह जिलों के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। महोत्सव में एथलेटिक्स, कबड्डी (एनएस), फुटबॉल, वॉलीबॉल, टग ऑफ वार, बास्केटबॉल, हॉकी, कुश्ती, बॉक्सिंग, आर्चरी, जूडो और जिम्नास्टिक सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
डीसी ने कहा कि यह आयोजन ‘फिट इंडिया’ अभियान एवं ‘खेलो इंडिया’ भावना को और सशक्त करेगा। ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचान और मंच देना इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य है। ताऊ देवीलाल स्टेडियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ महोत्सव का भव्य शुभारंभ होगा। वहीं खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 1 दिसंबर से 10 दिसंबर तक जारी रहेगी। डीसी ने सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ लक्ष्य-आधारित तैयारी करने के निर्देश दिए, ताकि महोत्सव को उत्कृष्ट खेल आयोजन बनाया जा सके।
बैठक में एडीसी वत्सल वशिष्ठ, सीटीएम सपना यादव, खेल विभाग से उपनिदेशक गिरिराज सिंह, हरियाणा सीएसआर ट्रस्ट के एडिशनल सीईओ गौरव सिंह, डीएसओ आरती कोहली सहित खेल विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








