हरियाणा की नौकरियोंमें जानबूझकर अन्य राज्य के लोगों को भर्ती कर रही है बीजेपी- हुड्डा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सिंचाई विभाग में सामान्य वर्ग के 42 पदों पर 28 अन्य राज्यों के लोग हुए भर्ती- हुड्डा

चंडीगढ़, 20 फरवरी । पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि बीजेपी हरियाणा की नौकरियां अन्य राज्य के लोगों को बांट रही है। जबकि हरियाणा बेरोजगारी के मामले में देश का नंबर वन राज्य बना हुआ है। नौकरियों की सबसे ज्यादा जरूरत हरियाणवी युवाओं को है। हुड्डा सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में एच पी एस इ से हुई अस्सिटेंट इंजीनियर्स की भर्ती पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। उन्होंने कहा कि विभाग में 100 लोगों की भर्ती हुई। लेकिन हैरानी की बात है कि सामान्य वर्ग के 42 पदों पर अन्य राज्यों के 28 लोगों को भर्ती कर लिया गया।और कुछ दिन पहले आयुर्वेदिक मेडिकल अफसर में भी आधी से ज्यादा भर्ती हरियाणा के युवाओं की भर्ती ना करके बाहरियों को तरजीह दी गयी।

हुड्डा ने कहा कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले बिजली विभाग की एसडीओ भर्ती से लेकर लेक्चरर्स तक कई भर्तियों में यही खेल हो चुका है। एक तरफ जहां तमाम राज्य और खासकर भाजपा शासित राज्य अपनी नौकरियों में स्थानीय लोगों को प्राथमिकताएं देने के लिए लगातार अलग-अलग नियम बना रहे हैं। उनके द्वारा भर्ती पेपरों में स्थानीय भाषा की अनिवार्यता से लेकर राज्य के सामान्य ज्ञान के प्रश्नों को बढ़ाया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ हरियाणा सरकार लगातार नियमों में इस तरह ढलाई कर रही है कि ज्यादा से ज्यादा अन्य राज्य के लोगों को नौकरियां मिल सकें।

इसके लिए प्रदेश के भर्ती पेपर से प्रदेश के सामान्य ज्ञान को लगभग खत्म कर दिया गया है। डोमिसाइल के नियमों में भी ढिलाई देते हुए 15 साल की शर्त को घटकर 5 साल कर दिया गया यानि अब कोई भी व्यक्ति बड़ी आसानी से हरियाणा का डोमिसाइल हासिल कर सकता है। साथ ही वो ना सिर्फ सामान्य वर्ग बल्कि आरक्षित श्रेणी की नौकरियों में भी नौकरियां भी हासिल कर सकता है।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बीजेपी 2 लाख पक्की नौकरियां देने का वादा करके तीसरी बार सत्ता में आई है। लेकिन अभी तक 2 लाख भर्तियों की कोई प्रक्रिया शुरू नहीं हुई। यहां तक कि सरकार सीईटी तक नहीं करवा पा रही। इस बीच पहले से लटकी पड़ी इक्का-दुक्का भर्ती का रिजल्ट जारी होता है तो उसमें हरियाणवियों से ज्यादा अन्य राज्य के लोग होते हैं। यह प्रदेश के युवाओं के भविष्य से सीधा खिलवाड़ है। कांग्रेस मजबूती के साथ इसके विरुद्ध आवाज उठेगी और विधानसभा में भी इस मुद्दे को उठाया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!