मनुष्य को सकारात्मक सोच के साथ हमेशा सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए : महंत महेश मुनि

वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक

कुरुक्षेत्र : षडदर्शन साधुसमाज के कोषाध्यक्ष एवं बड़ा अखाड़ा के महंत महेश मुनि जी महाराज ने आज महाभारत का एक प्रसंग सुनाते हुए बताया कि महाभारत का युद्ध जब प्रारंभ होने वाला था तो युधिष्ठिर ने भीष्म पितामह, गुरु द्रोणाचार्य आदि को नमन किया और युद्ध की आज्ञा मांगी। इससे वे बहुत खुश हुए और उन्होंने उन्हें विजय का आशीर्वाद दिया और यह कहा :

“अर्थस्य पुरुषो दासो दासस्त्वर्थो न कस्यचित् ।
इति सत्यं महाराज ! बद्धोऽस्म्यर्थेन कौरवैः ।।”
(महाभारत ६/४१/३६)

हे युधिष्ठिर ! मनुष्य अर्थ का दास है, अर्थ किसी का दास नहीं। इसीलिए तुम्हें ठीक समझते हुए भी मैं दुर्योधन का पक्ष लेकर लड़ रहा हूं, क्योंकि मेरी सब आवश्यकताएं पूरी करके कौरवों ने मुझे अर्थ से बांध लिया है।

अतः इस शरीर पर दुर्योधन का अधिकार है, किंतु आत्मपक्ष तो सत्य और न्याय की डोर है, इसलिए मैं तुम्हारी विजय की कामना करता हूं।

इसके बाद युधिष्ठिर द्रोणाचार्य के पास गए और उन्होंने भी हृदय खोलकर विजय का आशीर्वाद दिया। फिर कृपाचार्य के पास गये। उन्होंने भी वही आशीर्वाद दिया।

पांडवों को दिए हुए आशीर्वचन फले और वे विजय हुये। महंत महेश मुनि जी महाराज ने कहा कि मनुष्य को हमेशा सकारात्मक सोच और सत्य के मार्ग पर ही चलना चाहिए। इसी में सब का कल्याण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!