भारतीय महिला वैज्ञानिकों की पूरे विश्व में विशेष पहचान : प्रो. अनुभा कौशिक।

विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग व गणित क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित महिला संकाय सदस्यों को किया सम्मानित।

वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक

कुरुक्षेत्र, 22 अक्टूबर : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने कहा है कि राष्ट्र निर्माण में वैज्ञानिक महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग व गणित क्षेत्र (स्टेम) में महिलाओं की भागीदारी अग्रणी रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, ज्ञान, विज्ञान, शोध एवं अनुसंधान सहित अन्य क्षेत्रों में महिलाओं का उत्कृष्ट योगदान दे रही हैं। वे मंगलवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में केयू विस फोरम की ओर से विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग व गणित क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान हेतु प्रतिष्ठित महिला संकाय सदस्यों के लिए आयोजित पुरस्कार सम्मान कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। कार्यक्रम का शुभारम्भ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

कुवि कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि ऐतिहासिक और आधुनिक दोनों संदर्भों में विज्ञान, तकनीकी, इंजीनियरिंग सहित अन्य क्षेत्रों में महिलाओं का योगदान असाधारण रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उन्हें वह मार्गदर्शन, संसाधन और मान्यता मिले जिसकी वे हकदार हैं और उन्हें बिना किसी सीमा के सपने देखने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। विस फोरम अवार्ड 2023 सम्मान समारोह में मुख्यातिथि कुवि कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा एवं मुख्य वक्ता प्रो. अनुभा कौशिक द्वारा छह महिला संकाय सदस्यों और दो शोध छात्राओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता प्रतिष्ठित महिला वैज्ञानिक प्रोफेसर अनुभा कौशिक, प्रमुख केंद्र फॉर सस्टेनेबिलिटी एंड क्लाइमेट चेंज, यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ एनवायरनमेंट मैनेजमेंट, गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, नई दिल्ली ने कहा कि भारतीय महिला वैज्ञानिकों की पूरे विश्व में विशेष पहचान रही है। उन्होंने कहा कि जीवन में कई चुनौतियों के बावजूद भारत की वैज्ञानिक महिलाओं ने विश्व पटल पर भारत का नाम रोशन किया है जिसमें कल्पना चावला, जानकी अम्मल, सुधा मूर्ति, आशिमा चटर्जी, कमला साहनी जैसी अनेकों प्रतिष्ठित महिला वैज्ञानिक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विज्ञान सहित अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने से पूर्व महिलाओं को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, जिसमें लैंगिक पूर्वाग्रह, नेतृत्व की भूमिकाओं में कम प्रतिनिधित्व और दृश्यमान रोल मॉडल की कमी शामिल है। इसके साथ ही अंतर्निहित पूर्वाग्रहों से फंडिंग, पदोन्नति और मान्यता के असमान अवसर भी महिलाओं के लिए चुनौती का कारण हो सकते हैं। इस अवसर पर कुवि कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने मुख्य वक्ता प्रो. अनुभा कौशिका को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

विस फोरम कोऑर्डिनेटर प्रोफेसर अनीता भटनागर ने कार्यक्रम में सभी का स्वागत करते हुए कहा कि कुवि कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में केयू विस फोरम उत्तर भारत का एक प्रमुख विज्ञान मंच है जो छात्राओं में वैज्ञानिक प्रवृत्ति बढ़ाने के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रहा है।

इस अवसर पर केयू डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. दिनेश कुमार, प्रो. जितेन्द्र शर्मा, प्रो. संजीव अरोड़ा, प्रो. सीपी कौशिक, प्रो. परमेश कुमार, डॉ. जितेन्द्र भारद्वाज, डॉ. मिनाक्षी सुहाग, लोक सम्पर्क विभाग की उपनिदेशक डॉ. जिम्मी शर्मा, डॉ. उर्मिला, डॉ. दीप्ति, डॉ. पूनम, डॉ. ललिता, डॉ. मीनाक्षी सुहाग सहित शिक्षक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

इन महिला संकाय सदस्य एवं शोध छात्राओं को किया सम्मानित।

केयू सीनेट हॉल में आयोजित विस फोरम अवार्ड सम्मान समारोह 2023 के तहत छह महिला संकाय सदस्य एवं दो शोध छात्राओं को सम्मानित किया गया। लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि कैटेगरी-1 में विस फोरम अवार्ड फॉर एच इम्पैक्ट रिसर्च पेपर के लिए फैकल्टी ऑफ सांइसिज से रसायन विज्ञान विभाग की डॉ. नीरा राघव, फैकल्टी ऑफ लाइफ साइंसिज में जैव प्रौद्योगिकी विभाग की डॉ. अनीता यादव तथा फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी में यूआईईटी से डॉ. रीता देवी को सम्मानित किया गया।

उन्होंने बताया कि कैटेगरी-2 विस फोरम अवार्ड फॉर मैक्सिमम नंबर ऑफ साइटेशन फैकल्टी ऑफ साइंसेज से भौतिकी विभाग की डॉ. सुमन मेहंदिया तथा फैकल्टी ऑफ लाइफ सांइसिज से जूलॉजी विभाग की डॉ. अनीता भटनागर, कैटेगरी-3 में विस फोरम अवार्ड फॉर मैक्सिमम रिसर्च ग्रांट के लिए फैकल्टी ऑफ साइंसिज से फिजिक्स विभाग की डॉ. सुमन मेंहदिया को अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि कैटेगरी-4 विस फोरम अवार्ड फॉर बेस्ट फीमेल रिसर्च स्कालर लाईफ सांइसिज से केमिस्ट्री विभाग की शोधार्थी किरण सिवाच तथा लाईफ सांइसिज से जूलॉजी विभाग की शोधार्थी प्रेरणा को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में रसायन विभाग के प्रोफेसर पवन कुमार शर्मा, तथा डॉ. जितेन्द्र भारद्वाज प्राणी विज्ञान विभाग को भी प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!