चंडीगढ़, 01 अक्तूबर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा के दस साल के कार्यकाल में  भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई, किसान और महिलाओं के उत्पीड़न का बोलबाला रहा है। दस साल में जनता के साथ जो राजनीतिक जुड़ाव होना चाहिए था भाजपा उससे भी दूर रही, यहीं वजह है कि आज प्रदेश का मतदाता कांग्रेस की ओर देख रहा है और कांग्रेस की सरकार बनाने का मन बना चुका है।

मीडिया से बातचीत में कुमारी सैलजा ने कहा कि हार जीत अलग बात है पर जो जनता के साथ राजनीतिक जुड़ाव होना चाहिए वह भाजपा में दिखाई नहीं दिया, जनता वहीं से भाजपा से दूरी बनाती चली गई। यह जुड़ाव न शहर में दिखाई दिया और न ही गांवों में।  भाजपा ने दस साल केवल वायदे ही किए, जनता परेशान रही। भाजपा के राज में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा, हर स्तर पर भ्रष्टाचार रहा जिसने आम आदमी को और निचले स्तर पर पहुंचा दिया। प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, बढ़ता नशा और महिलाओं का उत्पीड़न देखकर बहुत दुख होता है, युवा रोजगार के लिए भटक रहा है प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करता है पता चला पेपर लीक हो गया। भाजपा सरकार के कार्यकाल में रिकॉर्ड पेपर लीक हुए। प्रदेश में दो लाख खाली पद पड़े है जिन्हें सरकार को शत प्रतिशत भरना चाहिए था पर भाजपा ने ये पद नहीं भरे और युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर या विदेश की ओर पलायन कर गए।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जुमलेबाज सरकार बनकर रह गई, झूठी घोषणाएं करने वाली भाजपा सरकार की असलियत जनता जान चुकी है, जनता उसके बहकावे में आने वाली नहीं है, भाजपा जो कहती है वह भी नहीं करती। भाजपा सरकार ने पूरे दस साल कवल पोर्टल-पोर्टल का ही खेल खेला और इस खेल में आम जनता फंसकर रह गई। कभी सर्वर डाउन तो कभी कर्मचारी गायब। परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में व्यक्ति की आय इतनी दिखा दी गई कि व्यक्ति का बीपीएल कार्ड ही खत्म हो गया। पीपीपी की त्रुटि को ठीक कराने के लिए व्यक्ति कार्यालय के चक्कर पे चक्कर काटता रहा। उन्होंने कहा कि इस भाजपा सरकार के कार्यकाल में महिला उत्पीड़न की सबसे ज्यादा घटनाएं हुई, विनेश फोगाट के साथ क्या हुआ सभी ने देखा, महिलाओं पर कैसी टिप्पणी की जाती है वह भी देखा। उन्होंने कहा कि नशे ने घर के घर बरबाद कर दिए पर सरकार नशे पर अंकुश नहीं लगा पाई। यहीं वजह है कि आज प्रदेश का मतदाता कांग्रेस की ओर देख रहा है और कांग्रेस की सरकार बनाने का मन बना चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *