दस साल के कुशासन से मुक्ति के लिए कांग्रेस को करें वोट : मोहित 

भाजपा ने नर्क बना दिया शहर, नहीं की लोगों की चिंता 

गुरुग्राम। कांग्रेस प्रत्याशी मोहित मदनलाल ग्रोवर ने कहा कि  दस साल के कुशासन से मुक्ति के लिए कांग्रेस को वोट करें। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उम्मीद और सपनों के शहर को नर्क बना दिया। चुनाव आते ही भाजपा नए सब्जबाग लेकर फिर से जनता के बीच आ गई। समझ नहीं आता है कि यह कैसे जनता से वोट मांग रहे हैं। दस सालों में उन्होंने लोगों को परवाह नहीं की, अब पांच साल में शहर में बदलाव का झूठा वादा लेकर आ गए। जिन लोगों ने दस साल सिवाय लूट के कुछ नहीं किया, वह पांच साल में क्या करेंगे, लोग समझ सकते हैं। 

मोहित ग्रोवर देर शाम राजेंद्र पार्क में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। यहां पहुंचने पर लोगों ने ढोल और बैंड बाजे से उनका स्वागत किया। उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जीएल शर्मा, सुशील भारद्वाज टुल्लर भी मौजूद रहे। 

यहां पहुंचने पर राजेंद्र पार्क के साथ रतन विहार, विष्णु गार्डन, आनंद गार्डन, स्वरूप गार्डन, लक्ष्मी गार्डन, महालक्ष्मी गार्डन की सरदारी सरपंच राजेंद्र सिंह, मास्टर महेंद्र सैन, हवा सिंह, अमन हुड्डा, देवेंद्र शर्मा, हरि सिंह, राम प्रसाद, खेमचंद, राजेश, ओमप्रकाश पांचाल ने पकड़ी बांध कर तथा मातृशक्ति की ओर से अनीता यादव, पूनम, उमा आनंद बबली  ने उनका फूल मालाओं और पुष्प गुच्छ भेंट कर मोहित का स्वागत किया। युवा शक्ति ने मोहित और जीएल शर्मा को कंधे पर उठाकर कर करीब एक किलोमीटर तक पैदल जुलूस भी निकाला। मोहित ने क्षेत्र का लोगों का अभूतपूर्व स्वागत के लिए आभार जताया। मोहित ने कहा कि उन्हें मालूम है कि यह शहर का वह हिस्सा है, जिसने सबसे अधिक परेशानियां झेली है। इस एरिया में एक दशक से सीवर जाम और जलभराव के साथ दूषित पेयजल और टूटी सड़कों से परेशानियां झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे क्षेत्र को कांग्रेस राज में ही अप्रूव्ड किया गया था और कांग्रेस ही इस क्षेत्र को समस्याओं से मुक्त करेगी। 

भाजपा की नाकामियां गिनाई 

मोहित ने भाजपा की नाकामियां गिनाते हुए कहा कि बड़ी उम्मीद के साथ लोगों ने भाजपा को सिर आंखों पर बैठाया, लेकिन भाजपा ने लोगों की परवाह नहीं की। लोगों की सुविधाओं की चिंता नहीं की। जब इन लोगों ने जनता की चिंता नहीं की तो जनता को इनकी चिंता नहीं करनी है। भाजपा को उसके किए की सजा इस चुनाव में देकर सबक सिखाना है। किसी भी अपराध के लिए अपराधी को सजा देना कानूनी धर्म है। जनता भी भाजपा को उसके अपराधों की सजा देगी। वोट लेकर लोगों को दस साल तक परेशानियों में रखने का अपराध भाजपा ने किया है। वोट की चोट भाजपा के लिए सबसे बड़ी सजा होगी। इसस पूर्व मोहित ने प्रताप नगर, भीम नगर,शीतला कॉलोनी, राजीव नगर, राजीव कॉलोनी में सभाओं को संबोधित कर कांग्रेस के लिए वोटों की अपील की। 

जजपा के पदाधिकारियों ने थामा कांग्रेस का हाथ 

जनसभा के दौरान जजपा के प्रदेश पदाधिकारी राजकुमार लांबा सहित कई पदाधिकारियों ने कांग्रेस में अपनी आस्था जताई। वरिष्ठ कांग्रेस नेता जीएल शर्मा के प्रयासों से लांबा ने अपने दर्जनों साथियों के साथ कांग्रेस की नीतियों में विश्वास जताया। इसके अलावा 25 सालों से भाजपा संगठन में विभिन्न दायित्व निभा रहे अगस्त्य वशिष्ठ ने कांग्रेस ज्वाइन की। जीएल शर्मा ने सभी को कांग्रेस का पटका पहनाकर कांग्रेस में शामिल किया। जीएल शर्मा ने कहा कि यह बदलाव का समय है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन रही है, अगर गुरुग्राम को समस्याओं से मुक्त करना है तो यहां से कांग्रेस प्रत्याशी को प्रतिनिधित्व सौंपना होगा, ताकि विधानसभा में हमारे हकों को बेहतर पैरवी हो सके। उन्होंने कहा कि  कांग्रेस ने अपने शासन में हरियाणा के   चार शहरों को मेट्रो की कनेक्टिविटी दी थी। 10 साल में भाजपा मेट्रो का एक पिलर भी नहीं बना पाई। 10 साल से हर चुनाव में ओल्ड सिटी मेट्रो परियोजना को लेकर भाजपा नए-नए दावे करती है लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हुआ। सभा को टुल्लर सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। 

Post Comment

You May Have Missed