भारत सारथी/ कौशिक

नारनौल। महेंद्रगढ़ से विधायक एवं पूर्व सीपीएस राव दान सिंह के महेंद्रगढ़ में रेवाड़ी रोड पर स्थित सिगड़ी फार्म-हाउस पर 1 सितंबर को विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया है।
उक्त जानकारी देते हुए युवा कांग्रेस नेता विपिन शर्मा ने बताया कि सिगड़ी फार्म हाउस पर कार्यकर्ता सम्मेलन सुबह 11:00 बजे आयोजित होगा। कार्यकर्ता सम्मेलन को विधायक राव दान सिंह जी संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि आज देश में महंगाई व बेरोजगारी का बोलबाला है। सरकार रोजगार देने में झूठे वादे व आंकड़े पेश कर रही है। भाजपा सरकार हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से प्रदेश में बेरोजगारों युवाओं की रेगुलर भर्ती ना कर उनके साथ बड़ा मजाक किया है, जबकि हरियाणा में आज भी दो लाख से अधिक रेगुलर पद खाली पड़े हैं।

उन्होंने हरियाणा की भाजपा सरकार को पोर्टलों की सरकार बताते हुए कहा कि आज हरियाणा का हर व्यक्ति प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र व अन्य पहचान पत्रों को बनवाने के लिए विभिन्न विभागों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। प्रदेश का हर वर्ग किसान, मजदूर, व्यापारी व कर्मचारी अब कांग्रेस की ओर आशा भरी नजरों से देख रहा है।
उन्होंने कहा की कार्यकर्ता सम्मेलन में किस दिन फॉर्म भरा जाएगा, उसके बारे में साथियों से विचार किया जाएगा व चुनाव के बारे में रूपरेखा तैयार की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ता सम्मेलन में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को पहुंचने की अपील की तथा सभी साथियों से अनुरोध किया कि 1 अक्टूबर को मतदान के दिन पहले अपने वोट डलवाए और फिर अपने आसपास के अधिक से अधिक वोट अपने बूथों पर लाकर डलवाए ताकि आपके अपने साथी आपके अपने भाई राव दान सिंह को रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल हो।