हुड्डा साहब को पोर्टल के कारण पेट में दर्द हो रहा है : नायब सैनी

कांग्रेस के लोग भ्रष्टाचार करने के लिए वोट मांगते हैं, भाजपा ईमानदारी से काम करके दिखाती है : नायब सैनी

भ्रष्टाचार से तंग आकर जनता ने कांग्रेस को उखाड़ फेंका था : सैनी

पूर्व विधायक श्याम सिंह राणा सैकड़ों समर्थकों के साथ इनेलो छोड़कर भाजपा में हुए शामिल, सीएम सैनी ने सभी नेताओं का किया स्वागत

सदस्यता ग्रहण समारोह में सीएम सैनी ने कहा – पूर्व विधायक श्याम सिंह राणा मेरे घनिष्ठ मित्र हैं

चंडीगढ़, 5 जुलाई। विपक्ष के नेताओं और कार्यकर्ताओं का अपनी-अपनी पार्टियां छोड़कर भाजपा में शामिल होने का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार को भी पूर्व विधायक श्याम सिंह राणा अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ इनेलो छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इनेलो छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सभी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। सीएम सैनी ने पूर्व विधायक श्याम सिंह राणा को भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी में शामिल कराया। सदस्यता ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री ने श्याम सिंह राणा को अपना घनिष्ठ मित्र बताया और कहा कि सभी नए साथियों को भाजपा में पूरा मान और सम्मान मिलेगा। यहां श्री सैनी ने कांग्रेस पर जबरदस्त हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2014 में कांग्रेस के भ्रष्टाचार से परेशान होकर जनता ने कांग्रेस शासन को उखाड फेंका था। पूर्व सीएम हुड्डा पर भी सीएम सैनी ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि हुड्डा साहब को पोर्टल के कारण पेट में दर्द हो रहा है। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस की सरकार में भ्रष्टाचार और भेदभाव होता था। कांग्रेस शासनकाल में गरीब घर का युवा सरकारी नौकरी के बारे में सोच भी नहीं सकता था। गैस के एक सिलेंडर के लिए तीन-तीन दिनों तक लाइन में लगना पड़ता था। 24 घंटे बिजली देने का वादा करके कांग्रेस पलट जाती थी। सीएम सैनी ने कहा कि 2014 में जनता ने कांग्रेस के कुशासन से तंग आकर भाजपा को सत्ता सौंपी। भाजपा सरकार ने पारदर्शी और ईमानदारी से शासन चलाया। युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरी दी। 24 घंटे बिजली देने का वादा भाजपा ने पूरा किया और आज गांवों में भी 24 घंटे बिजली आ रही है। गैस सिलेंडर घर-घर पहुंच रहे हैं। कांग्रेस के समय से चले आ रहे भेदभाव को भाजपा ने पूरे प्रदेश में समान रूप से काम करके समाप्त किया।

कांग्रेस को घेरते हुए नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस के लोग भ्रष्टाचार करने के लिए वोट मांगते हैं। जहां-जहां भी कांग्रेस की सरकार बनती है वहां भ्रष्टाचार की गति तेज हो जाती है। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम हुड्डा भाजपा को पोर्टल की सरकार बताते हैं। श्री सैनी ने तंज कसते हुए कहा कि हुड्डा साहब को पोर्टल के कारण पेट में दर्द हो रहा है कि पोर्टल के जरिए लोगों को सीधा लाभ कैसे पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि हुड्डा कभी नहीं चाहेंगे कि लोगों को सीधा लाभ मिल सकें, इसलिए वे पोर्टल को खत्म करने की बातें बार-बार करते हैं।

नायब सैनी ने कहा कि अब कांग्रेस के पास कहने को कुछ नहीं है। 60 साल तक देश पर शासन करने के बाद भी कांग्रेस की दुकान में झूठ के सिवाय कोई सामान नहीं है जिसको वह जनता के सामने परोस सकें। कांग्रेस के लोग इतना झूठ बोलते हैं कि परमात्मा भी उनको माफ नहीं करेगा। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में झूठ बोलकर लोगों की आकांक्षाओं को जगाने का काम किया। गरीब लोगों को 8500 रुपये देने के झूठे सब्जबाग दिखाए।

मुख्यमंत्री ने सदस्यता समारोह में राजपूत समाज की भी जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति स्मृद्ध है। हमारे पूर्वजों का इतिहास रहा है। अपनी संस्कृति को बचाने के लिए महाराणा प्रताप ने घास की रोटियां खानी पड़ी, लेकिन कदम पीछे नहीं हटाए। सीएम ने कहा कि राजपूत समाज ने देश की मजबूती के लिए एकजुट होकर पीएम मोदी को मजबूती दी है।

नायब सैनी ने कहा कि हमारी सरकार हरियाणा के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। हरियाणा पहला प्रदेश है जहां किसानों की 14 फसलों को एमएसपी पर खरीदा जा रहा है। हरियाणा में ऐसा कोई जिला नहीं बचा जिसको फोर लाइन सड़कों से जोड़ा नहीं गया हो। 10 सालों में डबल इंजन सरकार ने गजब के काम किए हैं और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरी है।
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर बोलते हुए श्री सैनी ने कहा ये वो पार्टियां हैं जो एक दूसरे को पानी पी-पी कर कोसती हैं और गालियां देती हैं। दोनों पार्टियों के नेता चुनाव के समय गले मिल जाते हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल बोलते थे सोनिया गांधी की ईडी से जांच कराई जाए तो वह तिहाड़ जेल में चली जाएगी। केजरीवाल यह भी बोलते थे कि मैं पक्का ईमानदार हूं, लेकिन वे अभी भी जेल में बैठकर सरकार चला रहे हैं।

नायब सैनी ने कहा कि कार्यकर्ता भाजपा की शक्ति है। कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने वाले लोग इतने खुश है कि वे अब खुलकर भारत माता की जय बोलते हैं। कांग्रेस में रहते हुए वे भारत माता के जयकारा लगाने से वंचित रहते थे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में समय कम रह गया है और मैं प्रदेश की जनता को विश्वास दिलाता हूं कि लोगों की सेवा में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए नायब सैनी ने कहा कि गांव-गांव और बूथ-बूथ पर जाकर कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश करें।

नायब सैनी ने कहा कि हमारी सरकार जनहित में लगातार मजबूत कदम उठा रही है। प्रदेश के सरपंच हरियाणा के विकास के लिए अब मजबूती से काम रहे हैं।  अधिकारी हर जिला में लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं। सरकार गरीबों को 100-100 गज के प्लॉट दे रही है। गरीब लोगों के घरों में सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ कांग्रेस का झूठ और दूसरी तरफ भाजपा सरकार की ईमानदारी से कराए गए काम हैं।

श्री सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने 60 साल शासन करने के बाद भी झूठ बोलनी पड़ रही है। देश और प्रदेश की जनता को मोदी की गारंटी पर विश्वास है। हर व्यक्ति को सुविधा देना हमारी सरकार का दायित्व है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए कड़ी मेहनत करें और घर-घर जाकर लोगों को सरकार की योजनाएं और उपलब्धियां बताएं। श्री सैनी ने कहा कि जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर तीसरी बार भाजपा सरकार बनना तय है।

नायब सिंह सैनी और मैं एक ही टेबल पर बैठकर काम करते थे : श्याम सिंह राणा

इनेलो छोड़कर भाजपा शामिल हुए पूर्व विधायक श्याम सिंह राणा ने कहा कि आज मैं सीएम सैनी की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुआ हूं और इनेलो से इस्तीफा दे रहा हूं। उन्होंने कहा कि जीवन का संघर्ष हर व्यक्ति का लंबा होता है। राजनीतिक जीवन भी संघर्ष से ही सफल होता है। उन्होंने कहा कि नायब सिंह सैनी और मैं एक ही टेबल पर बैठते थे और हम दोनों का राजनीतिक जीवन संघर्ष का रहा है।  ईमानदारी से काम करते हुए नायब सैनी मुख्यमंत्री बनें और निश्चित तौर पर हरियाणा का विकास पूरी ईमानदारी से करने में लगे हैं। श्री राणा ने पूर्व सीएम एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल को ईमानदारी की मूर्त बताया। उन्होंने कहा कि संगठन जो भी जिम्मेदारी देगा उसे पूरी निष्ठा के साथ पूरा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *