परेशान करने वाले पोर्टल बंद करके वही पोर्टल रखे जाएंगे जो जनहित में होंगे

राव इंद्रजीत सिंह सीएम वेटिंग ही नहीं रहे अपितू कैबिनेट मंत्री वेटिंग बन गए: चौधरी उदयभान

नारनौल। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर हरियाणा में बदमाशों को नहीं रहने देंगे। सुरक्षित हरियाणा, विकसित हरियाणा बनाना कांग्रेस का मकसद है। हुड्डा रविवार को नारनौल के रेवाड़ी रोड़ पर स्थित एक फार्म हाउस में अव्यवस्थित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। बदहाली का ऐसा आलम था कि कांग्रेस के टिकटार्थी के समर्थक शीर्ष नेताओं को सुनने के बजाय अपने नेताओं के होर्डिंग उठाए उनके समर्थन में नारेबाजी कर रहे थे। यह लोग भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा चौधरी उदयभान सिंह के बोलते समय भी नारेबाजी करते रहे। कार्यकर्ता सम्मेलन में भारी अफरा तफरी का माहौल रहा।

हुड्डा ने मजबूती के साथ लोकसभा चुनाव लड़ने और भाजपा को कड़ा मुकाबला देने के लिए कार्यकर्ताओं की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि लोकसभा में 10 में से 5 सीटें जीत कर आधा मोर्चा आप लोगों ने फतेह कर लिया है। महेंद्रगढ़ की सीट पर हमने कड़ा मुकाबला किया हम नहीं जीत पाए । मुझे इस बात की टीस है कि हम सांसद नहीं बना पाए। अब 3 महीने बाद विधानसभा चुनाव में पूरा मोर्चा फतेह करने का मौका है। 

इस बार महेंद्रगढ़ जिले की चारों विधानसभाओं में कांग्रेस की जीत ही हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया यदि आपकी मेहनत से चारों विधानसभा की सीटे हमें मिल गई तो हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनाने का मैं दावा करता हूं।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि 2014 तक कांग्रेस सरकार ने हरियाणा में बड़े काम किये। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सवाल किया कि 2014 से 2024 तक कोई आपके क्षेत्र में बड़ा काम हुआ है? उन्होंने कहा कि हमारे राज्य के बाद भाजपा सरकार में डीजल, खाद व कीटनाशक दवाओं सहित किसानों के दैनिक उपयोग में आने वाली हर चीजों के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने केंद्र और प्रदेश में अपनी उनकी सरकार होने के बावजूद एसवाईएल को लेकर कोई काम नहीं किया।

उन्होंने कहा कि उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में हरियाणा नंबर वन था। आज स्थिति इतनी बदतर है कि हरियाणा बेरोजगारी भ्रष्टाचारी और आंतक में नंबर वन है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद हरियाणा सरकार बनने के बाद वृद्धावस्था सम्मान भत्ते को 6000 तक कर दिया जाएगा, 300 यूनिट तक बिजली के बिल माफ कर दिए जाएंगे, गैस सिलेंडर 500 रुपए में उपलब्ध करवाया जाएगा, महात्मा गांधी बस्ती योजना को फिर से शुरू करके 100 गज के प्लाट दिए जाएंगे और मकान बनाने के लिए सहायता दी जाएगी, प्रदेशवासियों को 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा जिससे वह अपने हर प्रकार की बीमारी का इलाज करवा सके। जनता को परेशान करने वाले पोर्टल बंद किए जाएंगे केवल वही पोर्टल रखे जाएंगे जो जनहित के में होंगे। इसके साथ पदक लाओ पद पाओ की नीति दोबारा से शुरू की जाएगी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में बेकाबू अपराध के चलते आम आदमी का जीना मुहाल हो गया है। फायरिंग, फिरौती, लूट, डकैती, हत्या और रेप जैसी वारदात लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन गई हैं। सिर्फ 4 दिन के भीतर अकेले हिसार में 3 व्यापारियों से 9 करोड़ की रंगदारी मांगने की वारदातें हो चुकी हैं। लेकिन अपनी जिम्मेदारी को निभाने में भाजपा पूरी तरह विफल साबित हुई है। जो सरकार नागरिकों को सुरक्षा नहीं दे सकती, उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर अपराध का सफाया करके हरियाणा को फिर से सुरक्षित राज्य बनाया जाएगा।

हुड्डा ने कहा कि नारनौल हरियाणा का सबसे पिछड़ा इलाका है। लेकिन जब से भाजपा सत्ता में आई है, उसने इलाके की जनता को आधारभूत सुविधाओं के लिए भी तरसा रखा है। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में केंद्रीय विश्वविद्यालय , आयुर्वैदिक मेडिकल कॉलेज इलाके को दिए । 

इससे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने ‘आराम हराम है’ का नारा दिया। उन्होंने कहा कि ये सत्ता परिवर्तन की लड़ाई है और जब तक इसे जीत नहीं जाते, तब तक किसी को घर नहीं बैठना है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को चेताया कि अति आत्मविश्वास में न रहे कि हम भारी बहुमत से जीत रहे हैं। हमारे प्रबंधन में कमी व हमारे नेताओं में कमी के कारण हम भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा हारे। 

उन्होंने राव इंद्रजीत सिंह का नाम लिए बिना उन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 20 वर्ष पूर्व अहीरवाल के बड़े नेता सीएम कुर्सी की चाह में भाजपा में गए थे। उस समय उनको लगता था कि कांग्रेस में उनको सीएम नहीं बनाया जाएगा। भाजपा में जाने के बाद उनकी स्थिति इतनी बदतर हो गई कि वह सीएम वेटिंग ही नहीं रहे अपितू कैबिनेट मंत्री वेटिंग बन गए। भाजपा ने उनके सीएम बनने की आशाओं पर पानी फेर दिया। भविष्य में नायब सिंह सैनी को ही मुख्यमंत्री बनाए जाने की घोषणा अमित शाह ने कर दी है।

उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में बेरोजगारों के साथ खिलवाड़ किया है। सरकार को जनता से माफी मांगनी चाहिए।

इस अवसर पर महेंद्रगढ़ के विधायक व लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी रहे रावदान सिंह, पूर्व मंत्री राव नरेंद्र सिंह, पूर्व विधायक पंडित राधेश्याम शर्मा, पू्र्व विधायक जगदीश यादव, सोनीपत से पूर्व विधायक सुखविंदर सिंह, पूर्व विधायक मूलाराम पूर्व विधायक अनीता यादव,अजय शर्मा, सुधीर शर्मा, मंजू चौधरी, सतपाल दहिया, सेवानिवृत्ति सत्र न्यायाधीश राकेश यादव, राधेश्याम गोमला, कैलाश सोनी, सृजन यादव, सुरेंद्र नंबरदार, प्रवीण चौधरी, सुरेंद्र पटवा, दिनेश शर्मा उर्फ पालाराम, तेज प्रकाश एडवोकेट चंद्रप्रकाश एडवोकेट, कृष्ण राव, राजेश मांदी, सरपंच अतिन्द्र यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 झलकियां 

– नारनौल में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में जमकर हंगामा 

नारनौल विधानसभा से दो परस्पर विरोधी टिकटार्थी समर्थकों ने किया जमकर हुलड़ – शौर शराबा

– टिकटार्थियों के समर्थक हाथों में होर्डिंग लिए नारेबाजी करते स्टेज तक पहुंचे, अफरा तफरी से परेशान रहे कर्मठ कार्यकर्ता 

– राव दानसिंह द्वारा बार-बार आग्रह करने के बाद भी संजय पटीकरा व प्रदीप यादव एडवोकेट के समर्थकों ने नारेबाजी बंद नहीं की। राव दान सिंह ने दोनों के समर्थकों को बार-बार नारेबाजी बंद करने को कहा। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के सम्बोधन के समय दाएं बाएं खड़े रहे दोनों टिकटार्थी 

– हुलड़बाजी से नाराज दिखे भूपेंद्र सिंह हुड्डा चौधरी व उदयभान उनके समक्ष भी नारेबाजी जारी रही

– मंच पर अफरा तफरी का माहौल, पूर्व विधायकों को नहीं मिली सीट, टिकटार्थीयों व नीचे स्तर के कार्यकर्ताओं का रहा कब्जा, स्टेज पर एक दो ही महिला रही

– कार्यकर्ता सम्मेलन में आए अनेक लोगों की जेब कतरों ने जेब साफ की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!