आपातकाल की याद में बीजेपी आज मनाएगी काला दिवस : कमल यादव

*गुरुकमल कार्यालय में होगा बड़ा कार्यक्रम, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु होंगे मुख्य अतिथि*

*गुरुग्राम की चारों विधानसभाओं में खिलेगा कमल, तीसरी बार बनेगी नायब सरकार : कमल यादव*

*6 जुलाई तक चलेगा पौधारोपण अभियान, हर बूथ पर लगाए जाएंगे 10 पौधे* 

गुरुग्राम, 24 जून। भाजपा जिला अध्यक्ष कमल यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा गुरुग्राम जिला की चारों विधानसभाओं में बड़ी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में तीसरी बार हरियाणा में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। श्री यादव ने ये बातें सोमवार को पार्टी कार्यालय गुरुकमल में प्रेसवार्ता के दौरान कही। यहां श्री यादव ने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। प्रेसवार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष ने लोकसभा चुनाव में कड़ी मेहनत करने पर कार्यकर्ताओं का आभार भी जताया और मीडिया कर्मियों का धन्यवाद भी किया। 

जिला अध्यक्ष कमल यादव ने कहा कि मंगलवार को पार्टी प्रदेश स्तर पर आपाताकाल को काला दिवस के रूप में मना रही है। इस मौके पर पार्टी कार्यालय गुरुकमल में एक बड़ा कार्यक्रम होगा जिसमें पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु मुख्य अतिथि होंगे। श्री यादव ने कहा कि 25 जून 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल की घोषणा की थी। उस दौरान नेताओं और विरोधी लोगों को जेलों में भर दिया गया था। भाजपा 25 जून को लोकतंत्र के काला दिवस के रूप में मना रही है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के संरक्षक श्रीचंद  गुप्ता रहेंगे और मुख्य वक्ता महावीर भारद्वाज होंगे। आपातकाल के दौरान यातनाएं सहने वाले लोगों को कार्यक्रम में सम्मानित भी किया जाएगा। 

जिला अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में मंगलवार से ही वृक्षारोपण की मुहिम चलाई जा रही है। गुरुग्राम में इसकी शुरूआत पार्टी कार्यालय से की जाएगी। यह कार्यक्रम 6 जुलाई तक चलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता बूथ पर मां के नाम पौधे लगाएंगे और उनकी सेल्‍फी खींचकर भेजेंगे। पौधों का लालन पालन की जिम्मेदारी भी कार्यकर्ताओं की ही होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 20 हजार बूथ है और हर बूथ पर 10 पौधे लगाने का टारगेट है, इस तरह से 2 लाख पौधे कार्यकर्ताओं के द्वारा रोपित किए जाएंगे। एक साल के बाद उन कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा जिनके पौधे सबसे अच्छे होंगे। 

जिला अध्यक्ष कमल यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में गुरुग्राम की चारों विधानसभाओं में भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज की है। केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी रहे राव इंद्रजीत को बड़े मार्जिन से जीताकर दिल्ली भेजा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भी गुरुग्राम, सोहना, पटौदी और बादशाहपुर विधानसभा में पार्टी की नीतियों, जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की मेहनत से कमल खिलेगा। प्रेसवार्ता के दौरान महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, जिला महामंत्री सर्वप्रिय त्यागी, जिला मीडिया प्रमुख गजेंद्र गुप्ता,जिला सह मीडिया प्रमुख पवन यादव, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष कृष्ण गुर्जर उपस्थित रहे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!