महिलाओं से माफी मांगे सांसद जय प्रकाश*

*महिलाओं का अपमान और प्रताड़ित करना कांग्रेस और उसके नेताओं की फितरत : उषा प्रियदर्शी* 

गुरुग्राम, 22 जून। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने हिसार लोकसभा सांसद जयप्रकाश के महिला विरोधी बयान पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है। उषा प्रियदर्शी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि बहन बेटियां और महिलाओं की इज्जत करना कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस के नेताओं को नहीं आता है। श्रीमती प्रियदर्शी ने सांसद जय प्रकाश को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सांसद महिलाओं से माफी नहीं मांगते हैं तो भाजपा का महिला मोर्चा उनके खिलाफ सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेगा। उषा प्रियदर्शी शनिवार को पार्टी कार्यालय गुरुकमल में पत्रकारों को संबोधित कर रहीं थी।

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को पता होना चाहिए भारत मां अंबा और मां दुर्गा का देश है। भारतीय संस्कृति में महिलाओं को सम्मान दिया गया है।  भारतीय संस्कृति में महिलाएं ही परिवार की असली विरासत को संभालती थी और महिलाए ही परिवार की मुखिया होती थी। भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को मान सम्मान देते हुए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के नारे को सार्थक किया। महिलाओं को लोकसभा, विधानसभा चुनाव में 33 प्रतिशत और पंचायतों मे 50 प्रतिशत आरक्षण देकर महिलाओं को सशक्त करने का काम किया है। 

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उषा प्रियदर्शी ने कहा कि काँग्रेस के नेता समय समय पर महिलाओं को नीचा दिखाने का कार्य करते रहे हैं। भाजपा नेत्री किरण चौधरी के विषय में बोलते हुए जय प्रकाश ने कहा था कि असली विरासत महिलाएं नहीं पुरूष होते हैं यह जय प्रकाश कीघटिया मानसिकता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता पांच सीट जीतने के बाद घमंड से भरे हुए हैं तथा हमेशा ही घमंडिया बातें करते हैं। बहन बेटियां और महिलाओं की इज्जत करना कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस के नेताओं को नहीं आता है। 

उषा प्रियदर्शी ने कहा कि महिलाएं समाज का अभिन्न अंग है तथा वह हर क्षेत्र में अपनी अग्रणीय भूमिका निभा रही हैं। महिलाएं दुर्गा व शक्ति का रूप और महिलाओं को किसी भी सूरत में कम नहीं आंकना चाहिए। उषा प्रियदर्शी ने सांसद जय प्रकाश से सार्वजनिक रूप से महिलाओं से माफी मांगने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जय प्रकाश मांफी नहीं मांगते हैं तो भाजपा महिला मोर्चा उनके खिलाफ पूरे हरियाणा में विरोध प्रदर्शन करेंगी। प्रेसवार्ता के दौरान महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी के साथ जिला महामंत्री रामबीर भाटी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सोनिया यादव उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!