मौका लगते ही एक के बाद एक कांटा निकालते गए हुड्डा, ………….. क्या हाईकमान बेबस है ?

एक के बाद एक अनेक विरोधी बाहर, ओर भी जाने को तैयार 

अभी दो ओर जाट व ब्राह्मण चेहरा पार्टी छोड़  सकते हैं 

अशोक कुमार कौशिक 

हरियाणा में कांग्रेस का मतलब भूपेंद्र सिंह हुड्डा है। लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारों के चयन से लेकर उन्हें चुनाव लड़वाने तक, कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने जिस तरह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को फ्री हैंड दिया, उस देखकर तो यही लग रहा है। एक साथ कई मोर्चों पर राजनीति करने वाले हुड्डा कांग्रेस हाईकमान के इस भरोसे पर खरे भी उतरे। नौ लोकसभा सीटों में से पांच पर कांग्रेस चुनाव जीती और इनमें कुमारी सैलजा को छोड़कर बाकी चार सांसद हुड्डा खेमे के हैं। हुड्डा पर कांग्रेस हाईकमान का भरोसा सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं रहा। हरियाणा में अब से 4 महीने बाद विधानसभा के चुनाव होने हैं। राज्य में विधानसभा की कुल 90 सीटें हैं।

हरियाणा वह राज्य जहां कांग्रेस को मिले जमकर वोट

उत्तर भारत में कांग्रेस शासित राज्यों में हरियाणा ऐसा प्रदेश है, जहां कांग्रेस को सबसे अधिक वोट मिले। लोकसभा चुनाव में मिली इस जीत के बाद अब यह तय माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव में भी हुड्डा को फ्री हैंड दिया जा सकता है। 

हुड्डा विरोधी खेमे के नेताओं को कांग्रेस हाईकमान का हुड्डा के प्रति यह रुख बिल्कुल भी पसंद नहीं है। इसलिए हुड्डा के विरुद्ध लगातार लामबंदियां होती रही और हुड्डा अपने विरुद्ध बुने गए चक्रव्यूह को बड़ी आसानी से भेदने में कामयाब होते रहे। हुड्डा को जब भी मौका मिला, उन्होंने या तो अपने विरोधियों को कांग्रेस छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया या फिर कांग्रेस में उन्हें किनारे लगा दिया। 

एसआरके ग्रुप टूट गया है

किरण चौधरी की भाजपा में एंट्री के बाद अब हुड्डा के विरुद्ध बनाए गए एसआरके गुट भी टूट गया है। इस गुट में अब एस यानी सैलजा और आर यानी रणदीप सुरजेवाला रह गए हैं तथा के यानी किरण इस गुट से आउट हो गई, जबकि चौधरी बीरेंद्र सिंह व कैप्टन अजय यादव यदि इस गुट में जुड़ते हैं तो उसका नया नाम एसआरबीए जरूर हो सकता है।

प्रदेश में पिछले 10 साल से कांग्रेस का आज तक संगठन नहीं बन पाया है, लेकिन बिना संगठन के भी हुड्डा ने चुनाव लड़े और हाईकमान को उसके नतीजे दिए। 

10 वर्षों में अनेक बड़े नेताओं ने छोड़ी कांग्रेस

अलबत्ता, जो लोग भूपेंद्र सिंह हुड्डा का विरोध कर रहे थे, वह एक-एक कर पार्टी से जरूर बाहर होते चले गए। हरियाणा में पिछले 10 वर्षों के दौर पर नजर मारी जाए तो कांग्रेस के अनेक बड़े नेता पार्टी को छोड़कर जा चुके हैं। वर्ष 2014 के चुनाव में शुरू हुआ यह सिलसिला आजतक जारी है। अब हुड्डा के एक ओर नजदीकी कुलदीप शर्मा के भी कांग्रेस छोड़ने की चर्चा जोरों पर है। इसके साथ कहा जा रहा है कांग्रेस में मची कलह के चलते अभी एक ओर जाट चेहरा पार्टी छोड़ कर बीजेपी में जा सकता हैं।

कांग्रेस के सीएम पद के प्रबल दावेदार कौन?

सबसे पहले हुड्डा के भाई एवं राजनीतिक विरोधी चौधरी बीरेंद्र सिंह ने बगावत का झंडा उठाया था। दक्षिण हरियाणा के वरिष्ठ नेता राव इंद्रजीत ने सबसे पहले कांग्रेस को अलविदा बोला, जिसके बाद बीरेंद्र सिंह भाजपाई हुई। राव इंद्रजीत और बीरेंद्र सिंह दोनो ही कांग्रेस में सीएम पद के प्रबल दावेदार थे। 

इसी दौरान भिवानी के सांसद धर्मबीर, सोनीपत के पूर्व सांसद रमेश कौशिक तथा करनाल के पूर्व सांसद डॉ. अरविंद शर्मा कांग्रेस को अलविदा कह गए। हालांकि तीनों भाजपा में जाकर सांसद बने।

पूर्व महिला प्रदेश अध्यक्ष सुमेत्रा चौहान ने कांग्रेस छोड़ दी। इनके अलावा प्रदेश के अनेक नेता हुड्डा की मनमानी के चलते कांग्रेस से बाहर चले गए।

 कांग्रेस अध्यक्ष रहते हुए अशोक तंवर की हुड्डा खेमे के आगे एक नहीं चली। तंवर ने जैसे-तैसे अपना कार्यकाल तो पूरा किया लेकिन बढ़ते तनाव व दबाव के चलते उन्होंने भी कांग्रेस को छोड़ने में ही भलाई समझी। 

बीरेंद्र सिंह की हो चुकी घर वापसी

अशोक तंवर का राजनीतिक करियर अभी भी जहां डांवाडोल है, वहीं चौधरी बीरेंद्र सिंह भाजपा में कामयाब पारी खेलने के बाद दोबारा कांग्रेस में आ चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई भाजपा के रंग में रंगकर कांग्रेस छोड़ चुके हैं। 

वर्ष 2005 में हुड्डा सरकार के गठन में अहम भूमिका निभाने वाले विनोद शर्मा भी इस समय भाजपा के साथ है। दक्षिण हरियाणा में कांग्रेस का प्रतिष्ठित व नामी चेहरा रहे अवतार सिंह भड़ाना भाजपा में आ चुके हैं। किरण चौधरी कांग्रेस की ऐसी दसवीं नेता हैं, जो अब भाजपा में शामिल हुई हैं।

श्रुति चौधरी ने कांग्रेस को बताया स्‍वार्थी

श्रुति चौधरी ने भी अपने इस्‍तीफे में हरियाणा कांग्रेस पर दुर्व्‍यवहार करने के आरोप लगाते हुए त्‍यागपत्र दिया। श्रुति ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस पार्टी स्‍वार्थी हो गई है और मैं अपने हितों से समझौता नहीं कर सकती। इसलिए अब मेरे लिए आगे बढ़ने का समय है ताकि मैं अपने लोगों के हितों को बनाए रख सकूं।

कांग्रेस हाईकमान भी बेबस

2016 में राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के 14 विधायकों ने गलत तरीके से वोटिंग की थी। विधायकों की इस गलती का खामियाजा कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार को भुगतना पड़ा था। इस मामले में हुड्डा निशाने पर आए थे, क्योंकि गलती करने वाले अधिकांश विधायक उन्हीं के करीबी थे।

शुरुआत में कांग्रेस हाईकमान ने इस पर जांच करने और कठोर कार्रवाई की बात कही थी, लेकिन बाद में मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया।

दूसरा मामला 2019 के लोकसभा चुनाव बाद देखने को मिला। गुलाम नबी आजाद के नेतृत्व में कांग्रेस के 23 नेताओं ने पार्टी हाईकमान खासकर राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इस जी-23 में हुड्डा भी शामिल थे। हुड्डा का दबाव काम आया और पार्टी ने उन्हें हरियाणा में फ्री-हैंड दे दिया। इसके बाद से ही हरियाणा में हुड्डा काफी प्रभावी हैं।

तीसरा मामला इसी साल देखने को मिला है। प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया ने चुनाव से पहले संगठन को नए सिरे से बनाने की बात कही थी, जिसके बाद कई जगहों पर विवाद हो गया। यह विवाद हुड्डा और अन्य गुटों के बीच हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि बाबरिया को अपने कार्यक्रम रद्द करने पड़े। इस घटना के बाद बाबरिया ने संगठन तैयार करने की जहमत नहीं उठाई।

कांग्रेस हाईकमान भी इन्वॉल्व

माना जाता है कि राज्य में कांग्रेस हाईकमान के लेवल पर भी लोग बंटे हुए हैं। राहुल गांधी का जिन नेताओं पर हाथ होता है उसे हुड्डा टार्गेट करते रहे हैं। अशोक तंवर का किस्सा मशहूर है राज्य में। यही कारण है हुड्डा को राहुल बिल्कुल पसंद नहीं करते। पर राज्य के लोग और कांग्रेसी मानते हैं कि हुड्डा पर राबर्ट वाड्रा और प्रियंका गांधी का हाथ है। राजनीतिक विश्वेषक कहते हैं कि हरियाणा में लोग ऐसा ही समझते हैं। हमने लोकसभा चुनावों के दौरान देखा कि प्रियंका हो या राहुल रोड शो या रैली करने दोनों ही रोहतक नहीं पहुंचे। गौरतलब है कि रोहतक से भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पुत्र दीपेंद्र हुड्डा चुनाव लड़ रहे थे। प्रियंका गांधी ने सिरसा में सैलजा के लिए रोड शो किया पर दीपेंद्र के लिए टाइम नहीं निकाला। इसी तरह राहुल महेंद्रगढ़ और सोनीपत में गए पर दीपेंद्र के लिए समय नहीं निकाला। राहुल नाराज न हो जाएं शायद इसलिए प्रियंका रोहतक नहीं गईं होंगी।

You May Have Missed

error: Content is protected !!