प्रदेश में भी तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए कमर कस तैयारियों में जुटे कार्यकर्ता : राव नरबीर

देश की जनता ने नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बना विकसित राष्ट्र के संकल्प को किया साकार

मनोहरलाल की बदौलत हरियाणा को मिली नई पहचान

पूर्व मंत्री व कलस्टर प्रभारी ने हिसार तथा फतेहाबाद कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक ले भरपूर समर्थन के लिए जताया आभार

गुरुग्राम। हिसार, सिरसा व रोहतक लोकसभा के कलस्टर प्रभारी तथा वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि देश की जनता ने लोकसभा चुनाव में नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाकर विकसित राष्ट्र के संकल्प को साकार किया है।  देश की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ पूरी ताकत के साथ खड़ी है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि केंद्र की तर्ज पर प्रदेश में भी तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए तमाम कार्यकर्ता कमर कसकर फील्ड में उतरते हुए तैयारियों में जुट जाएं।

पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह बुधवार को हिसार के जिला कार्यालय तथा फतेहाबाद कार्यालय में सिरसा लोकसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का धन्यवाद व आभार व्यक्त करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी को 36 बिरादरी का भरपूर समर्थन हासिल हुआ है। हिसार लोकसभा सीट से भाजपा को बेशक जीत नहीं मिल पाई, परंतु भाजपा कायकर्ताओं का मनोबल कम नहीं हुआ है। इस चुनाव में जहां कहीं भी कमी रह गई है, उसे पूरा कर तमाम कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाए। प्रदेश में अक्टूबर में विधानसभा चुनाव हो सकते है। ऐसे में कार्यकर्ता के पास काम करने के लिए कुछ ही महीने शेष है।

राव नरबीर सिंह ने कहा कि देश की जनता ने लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाकर केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों पर अपनी मुहर लगा दी है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए, उसी प्रकार प्रदेश में भी पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल के नेतृत्व में हरियाणा को नई ऊंचाइयां प्रदान की। उन्हीं की तर्ज पर वर्तमान मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी हर वर्ग के हितार्थ कार्य करते हुए विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव के बाद प्रदेश सरकार ने विकास के पहिये को और तेज गति प्रदान करना शुरु कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भी तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए सभी पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता पूरी तैयारियों के साथ जनता के बीच जाएं तथा आमजन को सरकार की तमाम योजनाओं से लाभान्वित कराते हुए संगठन को और मजबूत करने में पूरी ताकत के साथ जुट जाएं।

पूर्व मंत्री ने कहा कि बीजेपी धर्म तथा जाति की राजनीति नहीं करती, अपितु समान विकास पर विश्वास रखती है। बीजेपी 36 बिरादरी को साथ लेकर चलती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार में जहां गरीबों का कल्याण हुआ है, वहीं देश का मान-सम्मान भी बढा है। देश व प्रदेश की भाजपा सरकारों ने देश व प्रदेश में खुशहाली लाकर एक सकारात्मक वातावरण तैयार किया है, ताकि देश विकसित होने की राह पर तेजी से आगे बढ सके। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों में जनता को पूरा विश्वास है। इसलिए देश की जनता ने नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठाकर उनके हाथों को और मजबूत कर दिया है।

इस मौके पर फतेहाबाद के विधायक दूड़ाराम, आदित्य देवीलाल चौटाला लोकसभा संयोजक, सिरसा के प्रत्याशी रहे अशोक तंवर, फतेहाबाद जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा, सिरसा जिलाध्यक्ष निताशा सिहाग, प्रदेश सचिव सुरेंद्र आर्य, हिसार लोकसभा संयोजक रवि सैनी, पूर्व विधायक वेद नारंग, हिसार जिलाध्यक्ष डा. आशा खेदड, चेयरमैन श्रीनिवास गोयल, वीरेंद्र यादव चेयरमैन, जिला महामंत्री आशीष जोशी, उपाध्यक्ष धर्मबीर रतेरिया, संजीव रेवडी, प्रवीन पोपली, संजय सैनी सहित काफी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!