भारत में होता है दुनिया का सबसे ज्यादा डिजिटल लेन-देन : विजयवर्गीय

नई दिल्ली, 11 जून। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि किसी भी देश के लिए साइबर सिक्योरिटी बहुत जरूरी है। डिजिटल युग में साइबर सिक्योरिटी का महत्व बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि हमारा देश, हमारी अर्थव्यवस्था और हमारा डिफेंस सुरक्षित रहे इसके लिए हमें साइबर सिक्योरिटी को भी मजबूत करना होगा। श्री विजयवर्गीय ने यह उद्बोधन मंगलवार को इंडिया इंटरनेशनल सेंटर नई दिल्ली में आयोजित “साइबर सुरक्षित भारत के लिए चुनौतियां“ विषय पर एक मेगा एक्सक्लूसिव कार्यक्रम को एक वीडियो के द्वारा संबोधित करते हुए कहे। कैबिनेट की बैठक होने के कारण कैबिनेट मंत्री विजयवर्गीय कार्यक्रम उपस्थित नहीं हो सके। श्री विजयवर्गीय ने तारीख सहेजें द्वारा साइबर सिक्योरिटी विषय पर कार्यक्रम का आयोजन करने के लिए आयोजक खुशहाल कौशिक को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने इस कार्यक्रम को देशहित में बताया। इस मौके पर अमिताभ कांत (जी20 शेरपा), लेफ्टिनेंट जनरल एमयू नायर (एनसीएससी), लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. राजेश पंत (चेयरमैन साइबर सिक्योरिटी एसोसिएशन ऑफ इंडिया, पूर्व एनसीएससी) आदि ने साइबर सिक्योरिटी पर अपने-अपने विचार रखें और महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस प्रकार से देश का डिजिटीलाइजेशन किया है उसमें साइबर सिक्योरिटी का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि हम विकसित भारत की बात करते हैं तो आर्थिक समृद्धि, सामाजिक कल्याण और राष्ट्रीय सुरक्षा तीन महत्वपूर्ण विषय हैं जिन पर ध्यान देना बहुत ही आवश्यक है। दुनिया में सबसे ज्यादा डिजिटल आर्थिक लेन-देन भारत में हो रहा है। श्री विजयवर्गीय ने कहा कि डिजिटल होते भारत से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना पूरा हुआ है।  सामाजिक कल्याण की योजनाएं सभी डिजिटल के माध्यम से क्रियान्वित हो रही हैं। किसानों के खातों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बटन दबाकर 20 हजार करोड़ रुपये ट्रांसफर किए हैं। उन्होंने कहा कि अगर साइबर सिक्योरिटी ना हो और साइबर अटैक हो जाए तो किसानों के खातों में रकम नहीं पहुंच सकती।

राष्ट्रीय सुरक्षा पर बोलते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में हम आत्मनिर्भर बन रहे हैं। भारत मिसाइल और बड़े-बड़े युद्धों में काम आने वाले  हथियार बना रहा है। साइबर सिक्योरिटी के महत्व पर उन्होंने कहा कि हमारे सभी सैन्य उपकरण व संस्थानों को सुरक्षित रखने के लिए साइबर सिक्योरिटी बहुत ही अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साइबर सिक्योरिटी की दिशा में भी क्रांति लेकर आए हैं। आज के समय में किसी भी देश के लिए साइबर सिक्योरिटी बहुत जरूरी है। 

error: Content is protected !!