अब भिवानी और दादरी में आएंगे बड़ी संख्या में उद्योग: मनोहर लाल

भाजपा सरकार ने हरियाणा में 1 लाख 40,000 नौकरियां बिना पर्ची और बिना खर्ची के दी

मनोहर लाल को सुनने के लिए सभा स्थल पर उमड़ी भारी भीड़

चंडीगढ़,  11 अप्रैल। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि हमने व्यवस्था बदली और जिद्द के साथ बदली। पूरा सिस्टम बदला जिसका सबको लाभ मिला। इस नई व्यवस्था में हरियाणा में 1 लाख 40000 नौकरियां बिना पर्ची और बिना खर्ची के दी गई। किसी भी व्यक्ति को नौकरी के लिए अपनी टूम-जेवर और जमीन को बेचना नहीं पड़ा। हर गांव में गरीब से गरीब बच्चे को नौकरी मिली। तबादलों का सिस्टम बदला गया। आज प्रदेश के 95% अध्यापक अपने नियुक्ति स्थल को लेकर खुश हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल गुरुवार को भिवानी में “भिवानी-महेंद्रगढ़” लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी धर्मबीर सिंह के समर्थन में विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे।

मनोहर लाल ने कहा कि जब वह सत्ता में आए तो कहा गया कि इनका परिवार नहीं है, इनको कुछ पता नहीं है कि परिवार कैसे चलता है, लेकिन मैंने साफ कह दिया था कि हरियाणा के 2 करोड़ 82 लाख लोग मेरा परिवार हैं और उनके हित के लिए कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरा हरियाणा मेरा परिवार है। इस बात का उदाहरण है कि मैंने अपने हरियाणा के परिवारजनों को जन्मदिन तक की भी बधाई सीधे मैसेज करके देता रहा हूं। जनसभा में बैठे लोगों ने हाथ उठाकर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की इस बात पर हामी भरी। मनोहर लाल ने कहा कि सब कुछ ऑनलाइन किया गया ताकि पारदर्शिता बनी रहे। परिवार पहचान पत्र से सब कुछ आसान हो गया और संभव हो गया। आज प्रदेश में कोई भी परिवार ऐसा नहीं है जिसके पास परिवार पहचान पत्र नहीं हो और इसका लाभ यह है कि परिवार पहचान पत्र से कोई भी व्यक्ति अपना राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड बनवा सकता है। पहले बुजुर्गों को अपने पेंशन बनवाने के लिए धक्के खाने पड़ते थे, लेकिन अब जब परिवार पहचान पत्र में उम्र 60 साल हो जाती है तो सरकार के कर्मचारी उसके घर जाकर उससे हस्ताक्षर करवाते हैं और आपकी पेंशन बन जाती है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा की सत्ता भोगने और जेब भरने के लिए नहीं है, बल्कि जनता की सेवा के लिए है और भाजपा ने इसे पूरी तरह से साबित किया है।

विपक्ष के पास चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार नहीं

विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए मनोहर लाल ने कहा कि आज विपक्ष के पास उम्मीदवार नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा के 400 पार के नारे में हरियाणा 10 की 10 सीटों पर कमल का फूल खिलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करने का काम करेगा।

कांग्रेस में टिकट वितरण में देरी और भंडारे में देरी का तालमेल

उन्होंने कांग्रेस की स्थिति पर व्यंग्य करते हुए कहा कि पहले बाप बेटा दोनों चुनाव लड़ रहे थे, लेकिन इस बार उन्होंने तय किया कि दोनों चुनाव नहीं लड़ेंगे बल्कि एक लड़ेगा। कांग्रेस में परिवारवाद है, लेकिन भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का काम करती है। उन्होंने कांग्रेस की टिकट वितरण में हो रही देरी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि यह उसी प्रकार का मामला है जिस प्रकार एक भंडारे में देरी से जाने पर व्यक्ति को अंदर पूड़ी नहीं मिलती और बाहर आता है तो उसकी चप्पल भी उसे गायब मिलती है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस के लोग जमीन पर उतरेंगे उन्हें कुछ नहीं मिलेगा। आज किसान व्यापारी कर्मचारी छोटा दुकानदार मजदूर सभी भाजपा के साथ खड़े हैं। उन्होंने एक और किस्सा सुनते हुए कहा कि विपक्ष का हाल उन जुगनू की तरह है जब एक जुगनू की महफिल में कहा गया कि चलो सूरज का रास्ता बदलते हैं। न तो जुगनू सूरज का रास्ता बदल सकते हैं और ना ही विपक्ष नरेंद्र मोदी को तीसरी बार सत्ता में आने से रोक सकता है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में उन्होंने “इज ऑफ डूइंग” का माहौल बना करके दिया। इसका परिणाम यह हुआ कि आज देश के दूसरे इलाकों और विदेशों से लोग हरियाणा में आकार उद्योग लगाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों का रुझान गुड़गांव और फरीदाबाद की तरह ही  दादरी, भिवानी, हिसार, जींद की तरफ भी हो रहा हैं। इसमें भी दादरी और भिवानी में उद्योग पहले लगेंगे क्योंकि यहां पर पैदावार कम है और जमीन सस्ती है इसलिए उद्योग लगाने के इच्छुक लोगों को यहां पर आना अच्छा लगेगा। उन्होंने कहा कि जो युवा नौकरी नहीं लग पाए हैं उन्हें चिंतित होने की जरूरत नहीं है। प्रदेश में बड़ी संख्या में उद्योग आ रहे हैं जहां उन्हें काम मिलेगा और इसके अलावा युवा स्वरोजगार के क्षेत्र में भी अपना हाथ आजमा सकते हैं। सरकार उन्हें हर प्रकार की मदद मुहैया करवाती है।

मजा आ गया

पूर्व मुख्यमंत्री ने एक और किस्सा लोगों के बीच उजागर किया। उन्होंने कहा कि जब उन्हें मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री के चुनाव के लिए भेजा गया तो उन्हें काफी अजीब लगा कि एक मुख्यमंत्री को ही दूसरा मुख्यमंत्री चुनने के लिए भेजा गया है। खैर मुख्यमंत्री का चुनाव हो गया और जब वह राजभवन से बाहर आए और हरियाणा के लिए निकले तो उनके पास भाजपा के एक नेता का फोन आया। यह नेता कोई बहुत बड़ा नेता नहीं था। उसने कहा मजा आ गया। मजा आ गया। जब मनोहर लाल ने कहा कि अरे भाई तुम्हें मजा किस बात में आ गया तो उसने कहा कि नए आदमी को मुख्यमंत्री बना दिया ऐसे तो कल उसका भी नंबर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि यह केवल भाजपा में ही संभव है कि वह एक छोटे से कार्यकर्ता को बड़े से बड़ा पद दे देती है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने मिलकर हर घर को रसोई गैस कनेक्शन बिजली कनेक्शन, घर में नल से जल देने का काम किया है और मकान बनाने का बीड़ा उठाया है। गरीब लोगों को 100 गज का प्लाट या मकान बना कर देंगे,अगर किसी को नहीं दे पाए तो उसे 1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

 महेंद्रगढ़ दुर्घटना मामले की होगी जांच

पूर्व मुख्यमंत्री ने महेंद्रगढ़ जिले में  हुई सड़क दुर्घटना में 7 स्कूली बच्चों की मौत के मामले में गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मृतक बच्चों के परिवारों को राज्य सरकार मुआवजा देगी और घायलों का इलाज राज्य सरकार करवाएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है और इस बात की भी जांच की जा रही है कि ईद की छुट्टी पर नियमों का उल्लंघन कर स्कूल कैसे लगाया जा रहा था?

मनोहर लाल की सरलता ने मन मोह लिया : उमेद

जननायक जनता पार्टी के टिकट पर बाढड़ा से पिछला विधानसभा चुनाव लड़ने वाले उमेद सिंह पातुवास ने भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। उमेद सिंह ने कहा कि वह चार दिन पहले मनोहर लाल जी से मिले थे। उनकी शालीनता और सरलता देखकर वह पार्टी में शामिल हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने भी मंच से स्पष्ट किया कि उमेद सिंह बिना किसी शर्त के पार्टी में आए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी में नए और पुराने सभी के लिए नियम बराबर है और पार्टी जिसे भी टिकट देगी वही चुनाव लड़ेगा और सभी उसकी मदद करेंगे।

2014 के बजट जितनी आज पेंशन बंट जाती : धर्मबीर

भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार धर्मवीर सिंह ने कहा कि हरियाणा नई चीज सीखाता है और मनोहर लाल ने हरियाणा को बहुत सी नई चीजें दी हैं। उन्होंने कहा कि आज कोई भी व्यक्ति अपना पद नहीं छोड़ना चाहता, लेकिन मुख्यमंत्री के पद को एक मिनट में मनोहर लाल ने छोड़कर नायब सिंह को कुर्सी सौंप दी। उन्होंने कहा कि भिवानी से चंडीगढ़ और दिल्ली का रास्ता भी बहुत खराब था, लेकिन आज सभी रास्ते बहुत अच्छे हो गए हैं। मनोहर लाल ने पूरे हरियाणा को एक नजर से देखा है। उन्होंने कहा कि जब नरेंद्र मोदी ने 10 साल पहले सत्ता संभाली तो देश का बजट 18 लाख करोड रुपए था जो अब 49 लाख करोड रुपए का हो गया है और टैक्स चोरी रोक कर जो 31 लाख करोड रुपए बचाए गए हैं उससे विकास के काम करवाए जा रहे हैं। जिसमें सड़क, रेल, एम्स, यूनिवर्सिटी, पीजीआई आदि शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा का बजट भी एक लाख करोड़ से बढ़कर 2 लाख करोड रुपए हो गया है‌। धर्मवीर ने कहा की 2014 में जितना बजट था उतनी तो आज पेंशन बंट जाती है। 2047 तक भारत को अमेरिका और यूरोपीय देशों से आगे लेकर जाने का भाजपा ने संकल्प किया है।

जन आशीर्वाद से धर्मवीर सिंह की जीत निश्चित: दलाल

प्रदेश के वित्त मंत्री जयप्रकाश दलाल ने कहा कि धर्मवीर सिंह की जीत निश्चित है। मुकाबला इस बात का है कि करनाल ज्यादा वोटों से बीजेपी सीट जीतेगी या भिवानी-महेंद्रगढ़। उन्होंने कहा कि इस लोकसभा क्षेत्र में इस बात का भी मुकाबला है कि तोशाम, भिवानी या लोहारू किस क्षेत्र से सांसद धर्मवीर ज्यादा वोटों से चुनाव जीतेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को मुआवजा फसल बीमा मुहैया करवाया है,जिसका किसानों को भरपूर लाभ मिला है। उन्होंने भाजपा की सरकार को गरीबों की सरकार की संज्ञा दी और कहा कि इतनी गर्मी और फसल की कटाई का सीजन होने के बावजूद जिस प्रकार से भाजपा की सभा में भीड़ उमड़ रही है उससे लगता है कि भाजपा सभी 10 सीटों को जीतकर भाजपा के 400 पार के नारे में हरियाणा अपना पूरा सहयोग करेगा।

भाजपा में मिलता है हर कार्यकर्ता को सम्मान : विशम्बर

हरियाणा के समाज कल्याण मंत्री विशंभर वाल्मीकि ने कहा कि भाजपा के शासन में छोटी काशी में सबसे ज्यादा नौकरियां लगी है। उन्होंने कहा कि किसी सब्जी वाले, गोलगप्पे वाले, रेहड़ी वाले के बच्चे भी नौकरी में लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह तो एक छोटे से कार्यकर्ता थे और उन्हें मंत्री बनाने का काम बीजेपी ने किया। यहां हर छोटे से छोटे कार्यकर्ताओं को पूरा मान सम्मान दिया जाता है।

मनोहर ने कर दिया हरियाणा से भ्रष्टाचार खत्म : सर्राफ

इस रैली के आयोजक विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि हरियाणा में जिस प्रकार का शासन मनोहर लाल ने किया है। वह काबिले तारीफ है। बिना खर्ची-पर्ची नौकरी देना। हरियाणा में भ्रष्टाचार अपने चरम पर था और कोई सोच भी नहीं सकता था कि भ्रष्टाचार खत्म हो सकता है, लेकिन मनोहर लाल के संकल्प ने हरियाणा से भ्रष्टाचार को पूरी तरह से खत्म कर दिया।

इस मौके पर भिवानी-महेंद्रगढ़ से भाजपा प्रत्याशी धर्मबीर सिंह, वित्त मंत्री जेपी दलाल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री बिसंबर वाल्मीकि, लोकसभा संयोजक शंकर धूपड़, विधायक घनश्याम सर्राफ, विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, जिला अध्यक्ष मुकेश गौड, जिला प्रभारी रेनू डाबला, जिला महामंत्री हर्षवर्धन मान व शिव कुमार पाराशर, पूर्व विधायक शशी परमार, मीना परमार, अनिता मलिक, विरेंद्र कौशिक, संदीप श्योराण, नंदराम धानिया, उमेद पातुवास, भवानी प्रताप, धर्मेंद्र जिंदल, राजबाला श्योराण,ख् चंदा गुप्ता, बबीता तंवर, सुनील नंबरदार, शिवराज बागड़ी, सोनू सैनी, प्रेम वर्मा, पारस डालमिया, विजय सिंहमार, नविता तंवर, नरेश कुडल, मंडल अध्यक्ष विनोद चावला, राजेश जांगड़ा, बाबूलाल स्वामी, विनोद स्वामी आदि उपस्थित रहे।