भाजपा के टिकट दावेदारों का दिल्ली पहुंचा फाइनल सर्वे, आज फैसला संभव

अशोक कुमार कौशिक 

लोकसभा चुनावों को लेकर भाजपा ने संभावित ‎प्रत्याशियों को लेकर फाइनल सर्वे भी कराया है। सभी 10‎ सीटों के लिए प्रत्याशियों के पैनल केंद्रीय पार्लियामेंट बोर्ड के ‎पास पहले ही पहुंचे हुए हैं। पैनलों में कुछ अन्य नाम भी ‎जोड़े हैं। यह सर्वे संघ द्वारा चंद सीटों पर दी गई रिपोर्ट के‎ बाद कराया गया है। केंद्रीय संसदीय बोर्ड के पास हरियाणा से लोकसभा सीटों पर संभावित प्रत्याशियों की फाइनल सर्वे रिपोर्ट भी पहुंच गई है। यह पार्टी की ओर से करवाया गया आखिरी सर्वे था।

हालांकि पूर्व में भी कई बार सर्वे हो चुका है। बताते हैं कि पैनलों में शामिल नामों के अलावा कुछ और नये नाम भी जोड़े गए हैं। सूत्रों का कहना है कि कुछ सीटों पर संघ द्वारा दी गई फीडबैक रिपोर्ट के आधार पर यह सर्वे करवाना पड़ा। रविवार को नई दिल्ली में केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक में हरियाणा के प्रत्याशियों पर चर्चा होगी। बहुत संभव है कि इस बैठक के पार्टी द्वारा जारी की जाने वाली दूसरी सूची में हरियाणा के भी प्रत्याशियों के नाम शामिल हों। जातिगत और क्षेत्रीय समीकरणों के हिसाब से भाजपा प्रत्याशियों को लेकर फैसला करेगी। अंबाला से पूर्व सासंद रतनलाल कटारिया की पत्नी बंतो कटारिया का नाम अभी भी पैनल में सबसे ऊपर बताया जा रहा है। उनके अलावा बलवंत सढ़ौरा तथा मुलाना से पूर्व विधायक संतोष सारवान के नाम पर भी मंथन किए जाने की सूचना है। इस बीच, कुरुक्षेत्र को लेकर बड़ी सूचना यह है कि पूर्व सांसद कैलाशो सैनी के नाम पर भाजपा काफी गंभीरता से विचार कर रही है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र के मौजूदा सांसद हैं। भाजपा में अंदरखाने इस तरह की भी चर्चा है कि प्रदेश के एक बड़े वैश्य राजनीतिक परिवार के किसी सदस्य को यहां से चुनाव लड़वाया जा सकता है। हालांकि जिस तरह से पिछले दो चुनावों से इस परिवार से राजनीति से दूरी बनाई हुई है, उससे लगता नहीं कि इस बार भी चुनावी रण में उतरेंगे। करनाल से मौजूदा सांसद संजय भाटिया की जगह इस बार यहां से रोड बिरादरी को टिकट देने पर भी मंथन चल रहा है।

बताते हैं कि सर्वे रिपोर्ट में घरौंडा विधायक हरविंद्र कल्याण का नाम पैनल में बना हुआ है। पानीपत सिटी विधायक प्रमोद कुमार विज के नाम का भी सर्वे करवाए जाने की सूचना है। इसी तरह से पानीपत की एक महिला नेता के नाम पर भी फीडबैक जुटाए जाने की खबरें हैं। रोहतक से मौजूदा सांसद डॉ़ अरविंद शर्मा का नाम अभी भी टिकटार्थियों की दौड़ में सबसे आगे बना हुआ है। हालांकि उनके अलावा बॉलीवुड अभिनेता जयदीप अहलावत का नाम भी चर्चाओं में आया है। दो दिन पहले तक तिजारा विधायक बाबा बालकनाथ और फिल्म अभिनेता रणदीप हुड्डा का नाम भी सुर्खियों में रह चुका है। सोनीपत से राई विधायक मोहनलाल बड़ौली और कुश्ती खिलाड़ी व ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त का नाम पैनल में बताया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि संघ की रिपोर्ट के आधार पर वैश्य व महिला कोटे से पूर्व मंत्री कविता जैन को लेकर भी सर्वे करवाया गया है।

रविवार यानी आज नई दिल्ली में भाजपा ‎पार्लियामेंट बोर्ड की बैठक होगी, इसमें हरियाणा की लोकसभा ‎सीटों पर भी मंथन हो सकता है। इसके बाद पार्टी द्वारा ‎कुछ प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया जा सकता है।‎ वैसे सभी दल एक-दूसरे के प्रत्याशी को देखकर ही टिकट ‎फाइनल करने की जुगत में हैं। भाजपा अब जातिगत,‎ क्षेत्रीय समीकरणों के हिसाब से प्रत्याशियों पर निर्णय कर‎ सकती है।

भिवानी-महेंद्रगढ़ लोस सीट से धर्मबीर का नाम आगे

भिवानी-महेंद्रगढ़ में मौजूदा सांसद धर्मबीर सिंह टिकट के मामले में काफी आगे बताए जा रहे हैं। उनके अलावा यहां से पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ और पूर्व सांसद डॉ सुधा यादव का नाम चर्चाओं में है। धर्मबीर सिंह आगे इसलिए हैं, क्योंकि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की भी वे पहली पसंद हैं। हिसार में पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु के अलावा संघ पृष्ठभूमि से जुड़े कैप्टन भूपेंद्र सिंह का नाम लिया जा रहा है। कैप्टन भूपेंद्र देश के ऐसे सिविलियन हैं, जो वीर चक्र विजेता हैं। केदारनाथ त्रासदी में उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों को बचाया था।

गैर जाट कोटे से हिसार सीट के लिए गंगवा का नाम

गैर-जाट कोटे से हिसार सीट के लिए डिप्टी स्पीकर रणबीर सिंह गंगवा का नाम चर्चाओं में बना हुआ है। गुरुग्राम में भाजपा की ओर से राव इंद्रजीत सिंह के अलावा किसी के नाम पर चर्चा नहीं की जा रही। फरीदाबाद में नये समीकरण बने हैं। केंद्रीय मंत्री व मौजूदा सांसद कृष्ण पाल गुर्जर के साथ अब तिगांव से विधायक राजेश नागर का नाम काफी तेजी से सुनने में आ रहा है। इसी तरह से पूर्व उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री विपुल गोयल का नाम भी पार्टी की ओर से तैयार किए गए पैनल में शामिल है।

इन सीटों पर इनका नाम आगे

कुरुक्षेत्र सीट से कैलाशो सैनी का नाम आगे ‎है, पैनल में प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी का नाम भी शामिल ‎हैं। अंबाला से बंतो कटारिया, पूर्व विधायक संतोष ‎सारवान के नाम पर मंथन चल रहा है।‎ रोहतक से अरविंद शर्मा रेस में आगे हैं, इनकी पैरवी संघ ने‎ की है। सोनीपत से मोहनलाल बड़ौली, योगेश्वर दत्त व ‎कविता जैन का नाम भी चल रहा है।

करनाल से मौजूदा‎ सांसद संजय भाटिया का नाम आगे है। यहां से सर्वे के‎ अनुसार, घरौंडा से भाजपा के 2 बार के विधायक हरविंद्र‎ कल्याण का नाम भी शामिल है। पानीपत सिटी विधायक‎ प्रमोद कुमार विज के अलावा पानीपत की एक महिला ‎नेत्री के नाम पर फीडबैक लिया गया है।

हिसार में सबसे अधिक‎ उम्मीदवारों पर मंथन‎

हिसार सीट पर भाजपा सबसे ज्यादा मंथन कर रही है। यहां से पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु,‎ कैप्टन भूपेंद्र सिंह, डिप्टी स्पीकर ‎रणबीर सिंह गंगवा के नाम पर मंथन‎ चल रहा है। भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट ‎से सांसद धर्मबीर सिंह, डॉ. सुधा‎ यादव के नामों पर विचार की खबर ‎है। गुरुग्राम से राव इंद्रजीत सिंह का‎ नाम तय माना जा रहा है। फरीदाबाद ‎में केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर,‎ राजेश नागर, विपुल गोयल दौड़ में‎ हैं।

सिरसा में सांसद सुनीता दुग्गल,‎ डॉ. अशोक तंवर व बलकौर सिंह का‎ नाम चल रहा है। केंद्रीय नेतृत्व सभी 10‎ सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए‎ लगातार कवायद कर रहा है। इससे‎ पहले भी पार्टी ने प्रत्याशियों को लेकर ‎सर्वे कराए हैं। सभी तरह के फीडबैक‎ के बाद ही पार्टी प्रत्याशियों के नामों‎ का ऐलान करेगी।

error: Content is protected !!