-सम्मान समारोह में बोले, प्रदेश की सभी लोकसभा सीटे जीतेंगे

भारत सारथी/ कौशिक 

नारनौल। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने कहा है कि किसानों को आंदोलन के जरिए नहीं बल्कि बातचीत के जरिए अपनी मांगों को मनवाना चाहिए। वह यहां एक सम्मान समारोह में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर मंत्री ओम प्रकाश यादव और पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा भी उपस्थित रहे। पूर्व डिप्टी स्पीकर  संतोष यादव, जिलाध्यक्ष दयाराम यादव व संयोजक भारती सैनी ने भी सभा को संबोधित किया।

श्री सैनी ने कहा कि आंदोलन किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि किसान जो आंदोलन कर रहे हैं वह पंजाब राज्य या कांग्रेस शासित राज्यों से संबंधित है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के हितैषी सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के लिए अनेक योजनाएं शुरू की है। किसानों को सम्मान निधि के रूप में साल में छह हजार रुपए सालाना मिल रहे हैं। जिसका किसान लाभ ले रहे हैं।

वहीं प्रदेश सरकार ने भी किसानों के हित में भावांतर भरपाई जैसी योजनाओं के अलावा अनेक लाभकारी योजनाएं शुरू की हुई है। उन्होंने कहा कि किसानों का भविष्य भारतीय जनता पार्टी की सरकार में ही सुरक्षित है, इसलिए किसानों को आंदोलन की राह न अपनाकर बातचीत की रास्ता अपनाना चाहिए। किसानों से बातचीत करने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्री हमेशा तैयार हैं।

इस पूर्व एक समारोह स्थल में नगर परिषद की पूर्व चेयरपर्सन तथा भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष भारती सैनी द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में नायब सिंह सैनी ने दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 10 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी विजय प्राप्त करेगी। उन्होंने कहा कि इसके बाद इसी साल में होने वाले विधानसभा के चुनाव में भी प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी अपनी सरकार बनाएगी। इसके बाद डबल इंजन की सरकार प्रदेश के लोगों के हितों के लिए कार्य करेगी।

उन्होंने जजपा से गठबंधन के बारे में कहा कि गठबंधन का फैसला केंद्रीय नेतृत्व करता है। वह इस बारे में कुछ नहीं कह सकते कि लोकसभा चुनाव में गठबंधन के साथ चुनाव होंगे या अलग से। 

लोकसभा के टिकटों के बारे में पूछे जाने पर भी उन्होंने कहा कि टिकट का फैसला भाजपा का संसदीय बोर्ड तय करता है।

इस अवसर पर नांगल चौधरी के विधायक अभय सिंह और अटेली के विधायक सीताराम, जिलाध्यक्ष दयाराम यादव, महिला मोर्चा के जिला अध्यक्ष एवं पूर्व नगर परिषद चेयरपर्सन भारती सैनी, चेयरमैन गोविंद भारद्वाज के अलावा अनेक भाजपा कार्यकर्ता व नेता उपस्थित रहे।       

error: Content is protected !!